Indonesia Earthquake: तुर्की, सीरिया, अफगानिस्तान, ताजिकिस्तान और चीन के बाद अब इंडोनेशिया के टोबेलो में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.3 बताई गई है। भूकंप इंडोनेशिया में हलमहेरा द्वीप के उत्तर में करीब 100 किमी की गहराई पर था। भूकंप का केंद्र टोबेलो से 177 किमी उत्तर में बताया जा रहा है।

गुजरात में भी लगे भूकंप के झटके

देर रात गुजरात में भी भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए थे। गुजरात में अमरोली में रात 11 बजकर 35 मिनट पर झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 3.4 रही।

अफगानिस्तान में भी लगे थे तेज झटके

गुरुवार को अफगानिस्तान और तजाकिस्तान में भी भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। अफगानिस्तान में भूकंप गुरुवार सुबह 06.07 मिनट पर आया। भूकंप का केंद्र फैजाबाद से 265 किलोमीटर दूर स्थित था। वहीं तजाकिस्तान में सुबह 6:07 बजे 6.7 तीव्रता का भूकंप आया। इसका असर चीन में भी देखने को मिला। चीन में भूकंप की तीव्रता 7.3 रही। हालांकि जानमान का अधिक नुकसान देखने को नहीं मिला।

तुर्की और सीरिया में भूकंप से मरने वालों की संख्या 47 हजार के पार

तुर्की और सीरिया में 6 फरवरी को आए भूकंप से मरने वालों का आंकड़ा 47 हजार के पार जा चुका है। यूएन की एक रिपोर्ट के मुताबिक 15 लाख से अधिक लोग बेघर हो गए हैं। तुर्की और सीरिया में भूकंप से प्रभावितों की मदद के लिए भारत सामने आया था। ऑपरेशन दोस्त के तहत भारत ने एनडीआरएफ और मेडिकल सुविधाएं मुहैया कराई।