श्रीलंकाई सांसद हर्षा डी सिल्वा ने अमेरिका की तरफ से भारी टैरिफ लगाए जाने के बाद भारत का खुलकर समर्थन किया है। उन्होंने सत्तारूढ़ दल से आग्रह किया है कि वह अपने पड़ोसी का मजाक न उड़ाए, बल्कि उसका समर्थन करे। श्रीलंका में सत्तारूढ़ दल के कुछ नेता भारत की तुलना में टैरिफ कम रखने के लिए अपनी सरकार की तारीफ कर रहे हैं।
उनकी टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए श्रीलंकाई सांसद हर्षा डी सिल्वा ने कहा, “भारत पर मत हंसो। जब वे मंदी में हों तो उनका मजाक मत उड़ाओ, क्योंकि जब हम मंदी में थे, तो सिर्फ वही थे जिन्होंने हमारी मदद की थी। अभी खेल खत्म नहीं हुआ। हमने कुछ लोगों को हंसते देखा, लेकिन हंसो मत। भारत को उम्मीद थी कि टैरिफ 15 फीसदी तक कम हो जाएगा और हमें भी यही आस थी।” उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना रुख दोहराया और भारत को एक सच्चा दोस्त बताया, जिसका साहस पूरे एशिया को प्रेरित करता है।
चीन पर फिर नरम पड़े ट्रंप के तेवर
भारत ने श्रीलंका की मदद की थी
बता दें कि श्रीलंका साल 2022 में भारी आर्थिक संकट से गुजर रहा था। श्रीलंका के हालात यह हो गए थे कि उनके पास में विदेशी मुद्रा भी खत्म हो गई थी। इसकी वजह से वह जरूरी सामानों और खाने का आयात भी नहीं कर पा रहा था। इसी दौरान भारत ने मदद का हाथ बढ़ाया। भारत ने श्रीलंका को करीब 5 अरब डॉलर की आर्थिक सहायता दी थी। इतना ही नहीं भारत ने 3.1 अरब डॉलर का कर्जा भी दिया। इससे श्रीलंका अपनी बुनियादी चीजों को खरीद पाया।
भारत पर ट्रंप ने लगाया टैरिफ
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर पहले 25 फीसदी टैरिफ लगाने का ऐलान किया था। लेकिन बाद में उन्होंने भारत के रूस के साथ बड़े पैमाने पर तेल खरीदने को लेकर 25 प्रतिशत का एक्सट्रा टैरिफ लगाया है। इसके पीछे उन्होंने रूस की तरफ से यूक्रेन में किए जा रहे हमले को एक कारण बताया। अमेरिका की तरफ से भारत पर लगाए एक टैरिफ में से 25 प्रतिशत तो 7 अगस्त से लागू हो चुका है। बाकी 25 प्रतिशत टैरिफ 27 अगस्त से लागू होगा। टैरिफ का दबाव बनाकर भारत से अपनी मांगें मनवाने की रणनीति अपना रहे हैं ट्रंप