अमेरिका के निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले साल जनवरी में पद ग्रहण करेंगे। बुधवार (नौ नवंबर) को उनकी चुनावी जीत की खबर आते ही उनके पत्नी मेलानिया ट्रंप भी खबरों में छाई गईं। पूर्व सुपरमॉडल मेलानिया पांच भाषाएं जानती हैं। ट्रंप के चुनाव प्रचार के दौरान उनका पुराना न्यूड फोटो शूट एक अमेरिकी अखबार ने प्रकाशित कर दिया था। कई लोग उन्हें अभी से दुनिया की “सबसे हॉट” प्रथम महिला कहने लगे हैं। भले ही मेलानिया सुर्खियों में ज्यादा हों और आधिकारिक तौर पर वो ही अमेरिका की प्रथम महिला कहलाएं लेकिन विश्लेषज्ञ मान रहे हैं कि ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के दौरान उनके परिवार की एक दूसरी ही महिला सदस्य ज्यादा प्रभावी साबित हो सकती हैं। वो सदस्य हैं, डोनाल्ड ट्रंप की बड़ी बेटी इवांका ट्रंप। 1981 में जन्मीं 35 वर्षीय इवांका इस समय ‘द ट्रंप ऑर्गेनाइजेशन’ की एग्जिक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट हैं। उन्हें “ट्रंप परिवार का चमकता सितारा” कहा जाता है।

इवांका ट्रंप डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पहली पत्नी इवाना जेल्निकोवा की संतान हैं। ट्रंप ने इवाना से 1977 में शादी की थी। पहली पत्नी से ट्रंप के तीन बच्चे (डोनाल्ड ट्रंप जूनियर, इवांका और एरिक) हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने अब तक तीन शादियां की हैं। उनके पांच बच्चे (दो बेटियां और तीन बेटे) और आठ पोते-पोतियां हैं। इवांका ट्रंप ने रियल एस्टेट कारोबारी जैरेड कशनर से शादी की है। इवांका ने 2009 में कशनर से शादी करने के लिए यहूदी धर्म स्वीकार कर लिया था। इवांका और उनके पति के तीन बच्चे हैं। इवांका अपने धर्म की सार्वजनिक तौर पर चर्चा नहीं करतीं। वो इसे “निजी मामला” बताती हैं। हालांकि डोनाल्ड ट्रंप ने चुनाव प्रचार के दौरान कई बार इसराइल के प्रति अपना प्रेम जाहिर किया था।

वीडियो: राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वो पूरे अमेरिका के राष्ट्रपति हैं-

डोनाल्ड के दोनों बड़े बेटे भी ट्रंप के कारोबार से जुड़े हैं लेकिन इवांका को ट्रंप का “फेवरिट” माना जाता है। अमेरिका मीडिया के अनुसार ट्रंप परिवार के कारोबार में उनका सबसे अधिक दबदबा है। अमेरिकी अखबरा न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार इवांका जितने अधिकार ट्रंप की किसी भी पत्नी या बड़े अधिकारी के पास नहीं रहे हैं। वैनिटी फेयर पत्रिका ने चुनाव प्रचार के दौरान इवांका को ट्रंप की “प्रॉक्सी वाइफ” बताया। पत्रिका के अनुसार आम तौर पर अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के उम्मीदवारों की पत्नियां उनके चुनाव प्रचार में जो भूमिला निभाती हैं वो भूमिका मेलानिया ट्रंप नहीं, उनकी बेटी इवांका ट्रंप निभा रही हैं। मशहूर अमेरिकी वेबसाइट क्वार्ट्ज़ ने भी एक लेख में कहा है कि अपने पिता के राष्ट्रपति बनने के बाद इवांका “असल प्रथम महिला” साबित हो सकती हैं। कई जानकार मानते हैं कि इवांका डोनाल्ड ट्रंप के चुनाव प्रचार के दौरान ज्यादा लोकप्रिय रहीं।

इवांका अपने नाम से जूतों, कपड़ों और हैंडबैंग के ब्रांड भी चलाती हैं। अपने पिता के चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने महिलाओं और नौजवानों से कहा था, “अमेरिकी परिवारों को राहत की जरूरत है।” इवांका ने कहा था कि पुरुषों और महिलाओं के लिए समान काम के लिए समान वेतन का समर्थन करती हैं। उन्होंने कहा, “जिन महिलाओं के बच्चे हैं उन्हें बढ़ावा देने के लिए विशेष नीतियां होनी चाहिए।”

वीडियो: अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप विरोधियों ने की फायरिंग-

द इंडिपेंडेंट के पत्रकार रैचेल रेवेस्ज़ मानती हैं कि इवांका “अपने पिता से पूरी तरह उलट हैं। जहां उनके परिवार के बाकी सदस्य भड़काऊ बयानबाजी करते रहे, उनके दामन पर कोई दाग नहीं लगा।” इवांका की शिक्षा-दीक्षा मैनहैट्टन के अभिजात्य स्कूल-कॉलेज मे हुई है। अमेरिकी अखबारों की मानें तो अमेरिकी अभिजात्य तबके में इवांका की जैसी इज्जत है वैसी डोनाल्ड ट्रंप की भी नहीं है। जहां डोनाल्ड ट्रंप अपने ट्विटर पर अक्सर भड़काऊ ट्वीट करते रहते हैं वहीं इवांका ज्यादातर ट्रंप ऑर्गेनाइजेशन के कारोबार को बढ़ावा देने वाले गैर-राजनीतिक पोस्ट ही करती हैं। इवांका ने चुनाव प्रचार के दौरान लीक हुए अपने पिता के अभद्र टिप्पणियों को “अनुचित और अपमानजनक” बताया था। उन्होंने इस बात खुशी जताई थी कि उनके पिता ने इन टिप्पणियों के लिए अपने परिवार और अमेरिकी जनता से माफी मांगी।

मेलेनिया ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी मेलेनिया ट्रंप। (AP Photo/Patrick Semansky))

माना जा रहा है कि इवांका ट्रंप सरकार में अहम पद भी दिया जा सकता है और वो अपने पिता के फैसलों पर निर्णायक असर डाल सकती हैं। ट्रंप परिवार के पुराने दोस्त कार्ल इकैन ने द वीक पत्रिका से कहा, “मुझे लगता है कि उनके पिता उनकी बात सबसे ज्यादा सुनते हैं। मेरे ख्याल से उनके पिता उनकी काफी इज्जत करते हैं। उन्हें वो कोई अहम राजनीतिक जिम्मेदारी दे सकते हैं।” डोनाल्ड ट्रंप ने चुनाव प्रचार के दौरान इस तरफ संकेत भी किया था। ट्रंप ने अमेरिकी वेबसाइट बज़फीड से कहा था, “मैं जानता हूं, हर कोई कहेगा, इवांका को शामिल करो, इवांका को शामिल करो। आप भी इसे अच्छी तरह जानते हैं?”

ट्रंप ने चुनाव प्रचार के दौरान साफ कहा था कि वो राष्ट्रपति बनने के बाद ट्रंप ऑर्गेनाइजेशन के कारोबार से पूरी तरह अलग रहेंगे। ट्रंप ने कहा था कि उनके बाद उनकी कंपनी की पूरी जिम्मेदारी उनके बच्चों पर होगी। कुछ अमेरिकी अखबारों का मानना है कि ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद इवांका को कंपनी को सीईओ बनाया जा सकता है।

वीडियो: देखें डोनाल्ड ट्रंप कैसे चुनाव जीते-