अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि रूसी तेल आयात पर भारत पर भारी टैरिफ लगाने से मॉस्को की अर्थव्यवस्था को बड़ा झटका लगा है। ट्रंप ने कहा कि रूसी अर्थव्यवस्था अच्छी स्थिति में नहीं है क्योंकि वे परेशान हैं। अलास्का में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ आगामी शिखर सम्मेलन के बारे में बात करते हुए, ट्रंप ने भारत पर निशाना साधा और कहा कि जब उनके सबसे बड़े या दूसरे सबसे बड़े तेल खरीदार पर 50% टैरिफ लगाया जाता है तो इससे रूस को कोई फायदा नहीं होता। उन्होंने भारत का नाम लिए बिना यह बात कही।
व्हाइट हाउस में प्रेस वार्ता के दौरान, ट्रंप ने कहा, “मुझे लगता है कि रूस को अपने देश के निर्माण में फिर से जुट जाना चाहिए। यह एक विशाल देश है। रूस में अच्छा प्रदर्शन करने की अपार संभावनाएं हैं। वे अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं। उनकी अर्थव्यवस्था अभी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रही है क्योंकि यह इससे बुरी तरह प्रभावित हुई है।”
भारत पर टैरिफ लगाने से रूस को बड़ा झटका- डोनाल्ड ट्रंप
भारत पर लगाए गए 50% टैरिफ से मॉस्को को झटका लगने की बात करते हुए, अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, “जब अमेरिका के राष्ट्रपति अपने सबसे बड़े या दूसरे सबसे बड़े तेल खरीदार से कहते हैं कि अगर आप रूस से तेल खरीदते हैं तो हम आप पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगा रहे हैं, तो इससे कोई मदद नहीं मिलती। यह एक बड़ा झटका था।”
पढ़ें- गोल्ड पर नहीं लगेगा नया टैरिफ, डोनाल्ड ट्रंप ने की घोषणा
EU ने ट्रंप से यूरोप के सुरक्षा हितों की रक्षा करने की अपील की
यूरोपीय संघ (EU) के नेताओं ने मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से अपील की कि वह इस हफ्ते रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ यूक्रेन में युद्ध को लेकर होने वाली अहम बैठक में उनके सुरक्षा हितों की रक्षा करें। यूरोपीय देश इस बैठक में अपनी भूमिका सुनिश्चित करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें मीटिंग से बाहर रखा गया है। अभी यह भी स्पष्ट नहीं है कि यूक्रेन इसमें शामिल होगा या नहीं।
ट्रंप ने कहा है कि वह देखना चाहते हैं कि पुतिन चार साल से चल रहे युद्ध खत्म करने को लेकर गंभीर हैं या नहीं। हालांकि, ट्रंप ने यह कहकर यूरोप में अमेरिकी सहयोगियों को निराश किया है कि यूक्रेन को रूस के कब्जे वाले कुछ क्षेत्रों को छोड़ना होगा लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया कि पुतिन के बदले में क्या समर्पण करने की अपेक्षा है। पढ़ें- भारत के लिए सबसे बड़ी चुनौती ट्रंप से ट्रेड डील करना
(भाषा के इनपुट के साथ)