चीन में घातक कोरोना वायरस के कारण मरने वालों की संख्या 425 हो गई और इसके 20,438 मामलों की पुष्टि हुई है। अधिकारियों ने मंगलवार (4 फरवरी, 2020) को यह जानकारी दी। चीन में फैले जानलेवा कोरोना वायरस से निपटने के लिए मात्र 10 दिन में बनाए गए विशिष्ट अस्पताल में सोमवार को मरीजों की भर्ती भी शुरू हो गई। इस बीच, जापानी अधिकारी अभी यह तय करने में लगे हैं कि उस क्रूज पर सवार करीब 3,500 लोगों को अलग रखना है या नहीं जिस पर सवार एक व्यक्ति इस वायरस से संक्रमित पाया गया है।

अन्य देश लगातार यहां से अपने नागरिकों को वापस ले जा रहे हैं और चीनी नागरिकों या हाल ही में चीन की यात्रा करने वाले लोगों पर प्रतिबंध लगा रहे हैं। चीन के वुहान शहर से ही इस वायरस की शुरुआत हुई है और यहां के लोगों के उपचार के लिए बनाए गए 1000 बिस्तरों वाले ह्यूओशेनशान अस्पताल में मरीजों का इलाज शुरू हो गया है। इसके अलावा 1,500 बिस्तरों वाला एक अन्य अस्पताल भी जल्द ही काम करना शुरू कर देगा। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कहा है कि मामलों में इजाफा होगा क्योंकि हजारों संदिग्ध मामलों में जांच के नतीजे आने अभी बाकी हैं।

इसके अलावा चीन से फैले घातक कोरोना वायरस से पीड़ित 39 वर्षीय एक व्यक्ति की हांगकांग में मौत हो गई। यहां इस वायरस से संक्रमित किसी व्यक्ति की मौत का यह पहला मामला है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की। चीन के बाहर इस वायरस से किसी की जान जाने का यह दूसरा मामला है। इससे पहले फिलिपीन में एक व्यक्ति की मौत इसके कारण हुई थी।

अस्पताल के एक प्रवक्ता ने बताया कि मृतक हांगकांग का रहने वाला था, जो 21 जनवरी को चीन के वुहान शहर गया और दो दिन बाद ही वहां से लौट आया था। इस संक्रमण से सर्वाधिक लोगों की मौत हुबेई प्रांत में हुई है। हुबेई प्रांत की राजधानी वुहान में दिसम्बर में कोरोना वायरस का संक्रमण फैलना शुरू हुआ था और अब यह संक्रमण दुनिया भर में फैल गया है।