उत्तरी कैलिफोर्निया में कानून प्रवर्तन अधिकारियों (Law Enforcement Officials) ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 लोगों को गिरफ्तार किया है,जिनमें ज़्यादातर लोकल सिख नागरिक हैं। इन पर गोलीबारी के 11 अलग-अलग मामले दर्ज हैं। कार्रवाई के दौरान कई अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक 27 अगस्त 2022 को गुरुद्वारे के बाहर पांच लोगों को गोली मार दी गई थी और 23 मार्च को सैक्रामेंटो सिख मंदिर में गोलीबारी की गई थी, जहां दो लोगों को गोली मार दी गयी थी।
कैलिफोर्निया के अटॉर्नी जनरल रॉब बोंटा और युबा सिटी पुलिस द्वारा की गई घोषणा के मुताबिक रविवार को उत्तरी कैलिफोर्निया में 20 स्थानों पर छापे मारे गए और 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से अधिकतर स्थानीय सिख समुदाय के सदस्य हैं। पुलिस ने इस दौरान 42 गन कब्जे में ली हैं जिनमें AK 47 और अन्य बंदूकें शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए दो लोगों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह भारत में भी कई क्राइम के मामलों में शामिल रहे हैं। कैलिफोर्निया के अटॉर्नी जनरल रॉब बोंटा के मुताबिक गिरफ्तार किए गए लोग एक साजिश का हिस्सा रहे हैं और उनके निशाने पर कई शहर रहे हैं जहां उन्होने गोलीबारी की वारदात अंजाम दी हैं।
प्रेस रिलीज़ जारी
कैलिफोर्निया के अटॉर्नी जनरल रॉब बोंटा ने कहा कि आज कैलिफोर्निया में हमने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बंदूक से होने वाली हिंसा को रोकने के लिए और भी बहुत कुछ किया जाना बाकी है। इस तरह के लोगों पर बड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होने कहा ‘सभी परिवार सुरक्षित महसूस करें उनकी रक्षा पुलिस की ज़िम्मेदारी होनी चाहिए’, सटर काउंटी डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी जनरल डुप्रे ने कहा, ऐसी कार्रवाई के लिए बहुत मेहनत की जरूरत होती है, इसे करने के लिए कई लोग लगे होते हैं।
युबा सिटी सैक्रामेंटो के ठीक उत्तर में फेदर नदी के किनारे लगभग 70,000 लोगों का शहर है, जिसमें एक बड़ा सिख समुदाय है। स्थानीय लोग अक्सर इस क्षेत्र को “मिनी पंजाब” भी कहते हैं। प्रत्येक नवंबर में हजारों लोग नगर कीर्तन के लिए शहर की यात्रा करते हैं, जो अमेरिका में सबसे बड़ी सिख सभाओं में से एक है। कैलिफ़ोर्निया की सेंट्रल वैली में सिखों की भी बड़ी उपस्थिति है। सैक्रामेंटो काउंटी के सहायक शेरिफ ने कहा कि पिछले एक साल के भीतर सैक्रामेंटो काउंटी में गोलीबारी की सात घटनाएं हुईं।