बुल्गारिया की संसद ने शुक्रवार (30 सितंबर) को सार्वजनिक स्थानों पर चेहरे को ढकने वाले बुर्के को प्रतिबंधित करने वाले कानून को अपनी मंजूरी दे दी। इसके साथ ही धार्मिक आजादी को लेकर पूरे यूरोप में चल रही बहस के बीच वह ऐसा करने वाले यूरोपीय संघ के कुछ देशों में शामिल हो गया। कानून चेहरे को आंशिक या पूरी तरह ढकने वाले बुर्का या नकाब जैसे कपड़ों को सार्वजनिक स्थानों पर पहनने को लेकर प्रतिबंधित करता है। इस कानून के उल्लंघन पर 200 लेवा (114 अमेरिकी डॉलर) और बार-बार उल्लंघन पर 1400 लेवा के जुर्माने का प्रावधान है। बुल्गारिया में करीब 13 प्रतिशत मुस्लिम आबादी है। इस देश की मुस्लिम महिलाएं आम तौर पर अपने बाल ढकने के लिए एक साधारण स्कार्फ का उपयोग करती हैं।
हालांकि हाल के दिनों में बहुत अधिक रूढ़िवादी मुस्लिम समाज की महिलाओं में नकाब पहनने का चलन बहुत मामूली तौर पर बढ़ा था। फ्रांस और बेल्जियम बुर्का या नकाब को प्रतिबंधित कर चुके हैं और इसी सप्ताह स्विट्जरलैंड के निचले सदन ने राष्ट्रव्यापी प्रतिबंध को आंशिक तौर पर अपनी-अपनी मंजूरी दी। अगस्त में जर्मनी के गृह मंत्री ने भी आंशिक प्रतिबंध का समर्थन किया था। इस गर्मी में बुर्किनी को प्रतिबंधित करने के बाद फ्रांस में विवाद हो गया था। दूसरी ओर इस महीने की शुरुआत में प्रकाशित एक सर्वेक्षण में ब्रिटेन के लोगों ने बुर्का पर प्रतिबंध का जोरदार समर्थन किया था।

