Queen Elizabeth Second Passed Away: महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन के बाद उनके बेटे प्रिंस चार्ल्स ब्रिटेन के महाराज होंगे। शनिवार को उनकी ताजपोशी की जाएगी। जानकारी के मुताबिक, प्रिंस चार्ल्स की ताजपोशी के मौके पर कैमिला कोहिनूर जड़ा ताज पहन सकती हैं। किंग चार्ल्स तृतीय ब्रिटेन के नए महाराज के रूप में पहली बार बकिंघम पैलेस पहुंचे। यूके की पीएम लिज ट्रस भी बकिंघम पैलेस पहुंची हैं।
महारानी एलिजाबेथ के निधन पर पूरे ब्रिटेन में शोक की लहर है। ब्रिटेन में आज से 10 दिनों तक राजकीय शोक मनाया जाएगा। वहीं भारत में भी एक दिन के राजकीय शोक का ऐलान किया गया है। गृह मंत्रालय ने जानकारी दी कि भारत सरकार ने फैसला किया है कि ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर भारत में 11 सितंबर को एक दिवसीय राजकीय शोक होगा।
वहीं ब्रिटेन में आज किंग चार्ल्स ब्रिटेन को पहली बार संबोधित करेंगे। देश के नाम उनका संबोधन महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर आधारित होगा। गौरतलब है कि ब्रिटेन की सबसे लंबे समय तक राज करने वाली महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर बाल्मोरल महल के परिसर के बाहर लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए फूलों के गुलदस्ते रखे हैं।
सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस क्या बोले:
सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि महारानी ज्ञान, प्रेम और शांति का एक उदाहरण थीं। उन्होंने कहा, “दुनिया आज उनके महान कार्यों को याद कर रही है जो उन्होंने ने अपने पूरे शासनकाल में किए थे।”
चीन ने जताया दुख:
महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर चीन की राज्य मीडिया ने शी जिनपिंग की तरफ से दिए शोक संदेश को लेकर जानकारी दी कि चीनी सरकार, चीन के लोगों और खुद की तरफ से शी जिनपिंग ने महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर दुख जताया है। इसके साथ ही उन्होंने शाही परिवार और ब्रिटेन के लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी महारानी एलिजाबेथ के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, यूनाइटेड किंगडम के इतिहास की महत्वपूर्ण घटनाएं महामहिम के नाम से जुड़ी हुई हैं।
वहीं अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने ब्रिटिश एंबेसी जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने जिल बाइडेन संग ब्रिटिश दूतावास में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की मृत्यु के बाद एक शोक पुस्तक पर हस्ताक्षर किया।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, “महारानी एलिजाबेथ-II की मृत्यु पर में यूनाइटेड किंगडम के लोगों के लिए शोक व्यक्त करता हूं। वह सबसे लंबे समय तक राज करने वाली राजशाही में से एक थीं और वे भारत की सच्ची दोस्त भी थीं। PM मोदी ने अपनी भावनाओं को भी प्रकट किया है जब वे उनसे मिले थे।”
ब्राजील में अनोखे अंदाज में श्रद्धांजलि:
एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर ब्राजील में अनोखे अंदाज में श्रद्धांजलि दी गई। इसके लिए ब्राजील की क्राइस्ट द रिडीमर की विशाल मूर्ति पर यूनाइटेड किंगडम के झंडे के रंग को प्रदर्शित किया गया। इसमें लाल, नीले और सफेद रंगों की रोशनी बिखेरी गई। इससे पहले पेरिस में एफिल टॉवर की लाइटों को बंद कर दिया गया था।
बता दें कि एलिजाबेथ द्वितीय ब्रिटेन पर सबसे लंबे समय तक राज करने वाली शाही हस्ती रहीं। वह 70 साल शासन के शीर्ष पर रहीं। बकिंघम पैलेस ने एक बयान जारी कर कहा, “आज दोपहर बाल्मोरल में महारानी का निधन हो गया। किंग और क्वीन कंसोर्ट आज शाम बाल्मोरल में रहेंगे। वे कल लंदन लौटेंगे।”
ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ का 96 साल की उम्र में निधन हो गया। पढ़ें हाइलाइट्स
महारानी की बेटी राजकुमारी ऐनी पहले से ही स्कॉटिश महल में उनके साथ थीं और उनके अन्य बच्चे – प्रिंस एंड्रयू और प्रिंस एडवर्ड – बाद में उनके साथ शामिल हुए।