ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक एक दिन के लिए इमीग्रेशन ऑफिसर बन गए। उन्होंने अधिकारियों के साथ मिलकर ब्रिटेन में घुसने वाले अवैध प्रवासियों के खिलाफ ऑपरेशन चलाया। इस दौरान 20 देशों के 105 अवैध प्रवासी गिरफ्तार किए गए। इसकी जानकारी ऋषि सुनक ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर दी उन्होंने एक फोटो भी पोस्ट की है, जिसमें वह बुलेट प्रूफ जैकेट पहने हुए दिखाई दे रहे हैं।
हम अवैध प्रवासियों को रोकेंगे: ऋषि सुनक
इमीग्रेशन अधिकारियों के साथ मिलकर उत्तरी लंदन के ब्रेंट इलाके में ऋषि सुनक ने गैरकानूनी तरीके से रह रहे प्रवासियों के ठिकाने पर रेड डाली। ऋषि सुनक ने ट्वीट कर कहा कि 1 दिन इमीग्रेशन के साथ काम कर मैंने छोटी नावों और दूसरे तरीकों से आने वाले गैर कानूनी प्रवासियों को रोकने का वादा पूरा किया। यह देश ही तय करेगा कि यहां कौन आएगा ना कि कोई क्रिमिनल गैंग। यह काम अवैध प्रवासन से निपटने और नावों को रोकने के मेरे वादे को पूरा करने के लिए महत्वपूर्ण है।
105 नागरिकों को किया गया गिरफ्तार
105 विदेशी नागरिकों की गिरफ्तारियां, रेस्टोरेंट, कार वॉश, नेल बार और नाई की दुकानों से हुई। इन सभी को अवैध काम करने और झूठे दस्तावेज रखने सहित अन्य अपराधों के लिए संदिग्धों के रूप में गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर प्रवासियों के पास से कैश भी जब्त किए गए। गिरफ्तार किए गए लोगों में 40 से अधिक को गृह मंत्रालय ने यूके से हटाने के लिए हिरासत में लिया जबकि 65 लोगों को जमानत पर रिहा कर दिया गया।
ब्रिटेन की गृह सचिव ने एक बयान में कहा कि अवैध काम हमारे समुदाय को नुकसान पहुंचाता है और हमारे ईमानदार कर्मचारियों को रोजगार से वंचित रखता है। हमारे प्रधानमंत्री ने निर्धारित किया है कि हम अपने कानूनों और सीमाओं के दुरुपयोग से निपटने के लिए प्रतिबद्ध हैं। आज के अभियान से यह स्पष्ट संदेश दिया जाएगा कि हम किसी को भी अवैध कामों में लिप्त नहीं होने देंगे।
बता दें कि इमीग्रेशन विभाग में अलग-अलग 159 जगहों पर रेड डाली और गलत तरीके से काम करने वालों को गिरफ्तार किया गया। एक रिपोर्ट के अनुसार 2022 के शुरुआती 6 महीनों में छोटी नाव से ब्रिटेन पहुंचे लोगों में सबसे अधिक लोग अल्बानिया के हैं। उसके बाद अफगानिस्तान और ईरान के हैं।