इतावली नौसेना ने भूमध्य सागर से 45 प्रवासियों के शव बरामद किये है जिनकी मौत डूबने से हो गई थी। भूमध्य सागर में हाल ही में हुई तीसरी बड़ी त्रासदी में अभी भी दर्जनों लोग लापता हैं। सागर में 350 लोगों के फंसे होने की खबर मिलने के बाद मदद के लिए बुलाये जाने पर इतावली जहाजों को बचाव के लिए भेजा गया था।

नौसेना ने कल बताया कि दिनभर खोज जारी रखी गई और नौसेना ने 130 लोगों को बचाया लेकिन अभी भी लोगों की तलाश जारी है। नौसेना के एक अधिकारी ने कहा, ‘एक डूबते हुए जहाज से 135 प्रवासियों को बचाया गया। 45 शव बरामद किये गये और खोज के प्रयास जारी हैं।’

तटरक्षक बल ने बताया कि कल करीब संकट से घिरे 16 जहाजों में से करीब 1,900 लोगों को बचाया गया था। उन्होने बताया कि पिछले चार दिनों में लीबिया के तट के पास से करीब 10,000 लोगों को पहले ही बचाया जा चुका है।

इस साल अब तक इटली के दक्षिणी बंदरगाहों में करीब 40,000 प्रवासी और शरणार्थी आ चुके हैं। हाल ही में भूमध्य सागर में एक हुई एक बड़ी त्रासदी में, बुधवार को लीबिया के अपतटीय क्षेत्र में मछली पकड़ने वाला जहाज पलट गया और इसमें करीब 650 लोग सवार थे। इसमें पांच लोगों की मौत हो गई थी और 100 लोगों के अभी भी लापता होने की आशंका जताई गई थी।