इस साल मारिया कोरिना को नोबेल पीस प्राइज मिलेगा। 2025 का नोबेल शांति पुरस्कार मारिया कोरिना मचाडो को वेनेजुएला के लोगों के लिए लोकतांत्रिक अधिकारों को बढ़ावा देने के उनके अथक कार्य और तानाशाही से लोकतंत्र में न्यायपूर्ण और शांतिपूर्ण संक्रमण प्राप्त करने के उनके संघर्ष के लिए दिया जाएगा।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लंबे समय से चाहते थे कि उन्हें नोबेल पीस पुरस्कार मिल जाए। वे तर्क दे रहे थे कि उनकी तरफ से कई युद्ध रुकवाए गए। लेकिन इस बार मारिया कोरिना को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए चुना गया है। अभी तक राष्ट्रपति ट्रंप ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
जानकारी के लिए बता दें कि मारिया कोरिना का जन्म 7 अक्टूबर 1967 को वेनेजुएला की राजधानी कराकास में हुआ। उनके पिता हेनरिक मचाडो उद्योगपति थे और मां कोरिना पेरिस्का मनोवैज्ञानिक थीं। बचपन से ही वे बेबाक, साहसी और नेतृत्व करने वाली रही हैं।
उन्होंने एंड्रस बेलो कैथोलिक यूनिवर्सिटी से औद्योगिक इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और बाद में IESA से फाइनेंस में पोस्टग्रेजुएशन किया। अच्छी नौकरी करने या व्यापार में जाने की बजाय उन्होंने देश की राजनीति में कदम रखा, क्योंकि वेनेजुएला की बिगड़ती हालत उन्हें बेचैन करती थी। 2002 में उन्होंने स्मेट (Súmate) नाम की संस्था बनाई, जो चुनावों की निगरानी और नागरिक अधिकारों पर काम करती है। यहीं से उनकी असली राजनीतिक यात्रा शुरू हुई। बाद में उन्होंने वेंटे वेनेजुएला (Vente Venezuela नाम की राजनीतिक पार्टी बनाई और देश में बदलाव की आवाज़ बन गईं।
मारिया कोरिना अपने तेवरों और साफ-सुथरी छवि के कारण वेनेजुएला की आयरन लेडी कही जाती हैं। उन्होंने खुले तौर पर पूर्व राष्ट्रपति ह्यूगो शावेज और मौजूदा नेता निकोलस मादुरो के तानाशाही रवैये का विरोध किया। कई बार उन्हें धमकियां मिलीं, गिरफ्तारियां झेलनी पड़ीं, लेकिन उन्होंने पीछे हटना नहीं सीखा।
नोबेल कमेटी ने उन्हें यह पुरस्कार उनके ‘नैतिक साहस और लोकतंत्र की लड़ाई में अडिग नेतृत्व’ के लिए दिया है। उनके संघर्ष ने न केवल वेनेजुएला बल्कि दुनिया भर में लोगों को प्रेरित किया है। इस सम्मान के साथ उन्हें अल्फ्रेड नोबेल की तस्वीर वाला एक स्वर्ण पदक और 1.1 करोड़ स्वीडिश क्राउन (लगभग 8 करोड़ रुपये) का नकद पुरस्कार भी मिलेगा। मारिया कोरिना मचाडो आज सिर्फ एक नेता नहीं, बल्कि उस उम्मीद की आवाज़ हैं जो वेनेजुएला में आज भी लोकतंत्र के पुनर्जन्म का सपना देख रही है।