बांग्लादेश में आम चुनाव होने जा रहा है। देश की प्रधानमंत्री शेख हसीना लगातार चौथी बार पीएम बनने की कोशिश में हैं। लगभग 17 करोड़ लोगों का देश बांग्लादेश कल मतदान करेगा। मतदान सुबह 8 बजे शुरू होगा और शाम 4 बजे खत्म होगा। वोटिंग खत्म होने के तुरंत बाद काउंटिंग शुरू हो जाएगी। शुरुआती नतीजे सोमवार तक आने की उम्मीद है।
विपक्षी पार्टी कर रही चुनाव का बहिष्कार
देश की मुख्य विपक्षी दल पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) है। बीएनपी शेख हसीना के इस्तीफे की मांग के बाद चुनाव का बहिष्कार कर रही है क्योंकि पार्टी चुनाव का संचालन करने के लिए एक कार्यवाहक सरकार चाहती थी।
बांग्लादेश की संसद में 300 सीटें हैं और 12 करोड़ वोटर हैं। इनमें से करीब डेढ़ करोड़ वोटर युवा हैं। 300 सीटों के लिए करीब 2000 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। चुनाव में 436 निर्दलीय उम्मीदवार भी दांव लगा रहे हैं। BNP ने आरोप लगाया है कि निर्दलीय प्रत्याशियों को केवल इसलिए उतारा गया है ताकि लगे कि चुनाव फेयर हो रहे हैं।
चुनाव के दिन लगभग 8 लाख पुलिस, अर्धसैनिक बल और पुलिस सहायक मतदान केंद्रों की सुरक्षा करेंगे। सेना, नौसेना और वायु सेना को भी तैनात किया गया है। 127 विदेशी पर्यवेक्षक चुनाव प्रक्रिया पर नज़र रखेंगे।
भारत और चीन के लिए भी बांग्लादेश के चुनाव काफी महत्वपूर्ण है। दोनों देशों की नजर बांग्लादेश के आम चुनाव पर हैं और दोनों देश चाहते हैं कि शेख हसीना की पार्टी एक बार फिर से सत्ता में आए। दरअसल दोनों देशों का करोड़ो डॉलर का निवेश बांग्लादेश में है।
बड़े पैमाने पर हिंसा
बांग्लादेश में आम चुनाव से पहले बड़े पैमाने पर हिंसा भी हुई है। इससे चुनाव प्रचार भी प्रभावित हुआ है। बता दें कि अक्टूबर में भी हिंसा हुई थी जिसमे 15 लोग मारे गए थे। वहीं बीते शुक्रवार को राजधानी ढाका में एक ट्रेन में आगजनी की गई, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई। हालांकि अभी तक अधिकारियों ने किसी भी समूह पर हिंसा के पीछे होने का आरोप नहीं लगाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कुछ लोग चुनाव में बाधा डालना चाहते हैं और वही हिंसा कर रहे हैं।