देश-दुनिया के लिहाज से अगस्त महीना काफी अहम रहा है। अलग-अलग परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए अगस्त महीने की बड़ी खबरों के बारे में पूरी जानकारी होना जरूरी है। पिछले 30 दिनों के अंदर में दुनिया के अलग-अलग देशों में कई ऐसी घटनाएं हुई हैं जिसका व्यापक असर देखने को मिला है। एक तरफ बांग्लादेश में शेख हसीना के बाहर जाने के बाद अंतरिम सरकार का गठन हुआ है तो दूसरी तरफ मंकीपॉक्स के कहस से कई देश ग्रसित हो चुके हैं। यहां जानिए अगस्त महीने की टॉप 10 इंटरनेशनल न्यूज-

बांग्लादेश में बनी अंतरिम सरकार

बांग्लादेश में अगस्त की शुरुआत में ही अंतरिम सरकार का गठन हो गया था। मोहम्मद यूनुस की अगुवाई में उस सरकार का गठन किया गयाष शेख हसीना के देश छोड़ने के बाद इस सरकार का बनना अहम बात रही। असल में आरक्षण के जिस मुद्दे की वजह से कई महीनों तक बांग्लादेश जलता रहा, उसी आग ने शेख हसीना से उनकी सत्ता छीन ली। हालात ऐसे बन गए कि उन्हें अपना ही मुल्क छोड़ भागना पड़ा। वर्तमान में शेख हसीना ने भारत में शरण ले रखी है।

रूस-यूक्रेन युद्ध हुआ और विस्फोटक

रूस और यूक्रेन का युद्ध पिछले दो सालों से जारी है। लेकिन इस साल अगस्त महीने में उस समय यह युद्ध निर्णायक मोड़ पर आ गया जब पहली बार यूक्रेन ने रूस पर जबरदस्त पलटरवार किया। असल में रूस के कुर्स्क में यूक्रेन ने 1000 किमी जमीन पर अपना कब्जा जमाया। यूएन का आंकड़ा कहता है कि अगस्त महीने में रूस-यूक्रेन युद्ध में 219 आम लोगों की मौत हुई और 1000 से ज्यादा घायल हुए।

इस देश में तेजी से बढ़ रहे मंकी पॉक्स के मामले

साउथ चाइना सी में फिलीपींस-चीन में तकरार

साउथ चाइना सी में इस समय दो देश फिलीपींस और चीन के बीच में जबरदस्त तनाव देखने को मिल रहा है। हालात ऐसे बन चुके हैं कि दोनों ही देशों के जहाजों ने एक-दूसरे को टक्कर तक मार दी है। खबर है कि एक महीने के अंदर में पांचवीं बार समुद्र में दोनों देश इस अंदाज में एक दूसरे से टकराए हैं। समझने वाली बात यह है कि साउथ चाइना सी पर चीन अपना दावा ठोकता है। इसी क्षेत्र में फिलीपींस, ब्रुनेई, मलेशिया, ताइवान और वियतनाम जैसे देश अपने कई हिस्से मानते हैं, लेकिन चीन एकाधिकार की बात करता है।

श्रीलंका में वीजा फ्री एंट्री

श्रीलंका की सरकार ने 22 अगस्त को एक बड़ा फैसला लेते हुए 35 देशों को वीजा फ्री एंट्री देने का ऐलान किया। 6 महीने तक के लिए यह वीजा फ्री एंट्री देने की घोषणा हुई है। असल में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए श्रीलंका ने यह नई पहल शुरू की है। बताया जा रहा है कि सरकार की यह योजना इस साल अक्टूबर 1 से शुरू हो जाएगी। बड़ी बात यह है कि भारत के पर्यटकों को भी श्रीलंका की इस योजना का फायदा मिलने वाला है क्योंकि वीजा फ्री स्कीम में उसे भी शामिल किया गया है।

मंकीपॉक्स हेल्थ इमरजेंसी घोषित

अफ्रीकी देशों में जिस तेजी से मंकीपॉक्स के मामले बढ़े हैं, विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इसे पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी घोषित कर दिया है। तर्क दिया गया है कि अब इस आउटब्रेक को रोकने के लिए सभी देशों को साथ आना जरूरी है, संयुक्त प्रयास की आवश्यक्ता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक अफ्रीकी देश कांगो, बुरुंडी, केन्या, रवांडा और युगांडा समेत अन्य देशों में इसके मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। बता दें कि इससे पहले जुलाई 2022 में इसे वैश्विक आपातकाल घोषित किया गया था। तब दुनियाभर के 116 देशों में इसके एक लाख से अधिक मामले सामने आए थे।

दुनिया की सबसे बुजुर्ग महिला

जापान की टोमिको इटूका दुनिया की सबसे उम्रदराज महिला बन गई हैं। उन्होंने इस साल अपना 116वां जन्मदिन मनाया है। इससे पहले तक यह रिकॉर्ड 117 वर्षीय मारिया ब्रान्यास मोरेरा के नाम था जिनका इसी साल निधन हुआ। जानकारी के लिए बता दें कि इटूका का जन्म 23 मई, 1908 को पश्चिमी जापान के आशिया शहर में हुआ था। इतने सालों बाद भी उन्होंने खुद को इतना स्वस्थ्य रखा है कि वे लोगों से बातचीत कर पाती हैं, यह अलग बात है कि अब उन्हें सुनने में थोड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।

अमेरिका इजरायल को देगा और ज्यादा पैसा

इजरायल और हमास के बीच में अभी भी भीषण युद्ध जारी है, गाजा में तो लगातार हमले हो रहे हैं। इस बीच अमेरिका की तरफ से बड़ा ऐलान किया गया है। वो इजरायल को अतिरिक्त 3.5 बिलियन डॉलर की सहायता करने जा रहा है। अमेरिकी निर्मित हथियारों और सैन्य उपकरणों पर खर्च करने के लिए इजरायल को यह पैसा दिया जा रहा है। इससे पहले भी अमेरिका, इजरायल की ऐसे ही मदद कर चुका है।

ब्राजील में एक्स पर लगाया गया बैन

फेक न्यूज के बढ़ते चलन के बीच ब्राजील की सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बैन लगा दिया है। बड़ी बात यह है कि अगर ब्राजील में अब कोई एक्स को इस्तेमाल करने की कोशिश करेगा, फिर चाहे वो वीपीएन की मदद से ही क्यों नहीं, तब भी उस पर भारी जुर्माना लगेगा। बताया जा रहा है कि जुर्माने की राशि भी काफी ज्यादा रखी गई है, अगर एक्स का इस्तेमाल हुआ तो 50 हजार Reais देने पड़ेंगे।

क्रोएशिया में सभी के लिए जरूरी मिलिट्री ट्रेनिंग

यूरोप में बढ़ते तनाव के बीच क्रोएशिया ने एक बार अपने देश में सभी के लिए मिलिट्री ट्रेनिंग को अनिवार्य कर दिया है। दो महीने की मिलिट्री ट्रेनिंग हर किसी को करनी पड़ेगी। अगले साल 1 जनवरी, 2025 से यह मिलिट्री ट्रेनिंग शुरू हो जाएगी। इससे पहले भी क्रोएशिया में ऐसी ही योजना पर काम हो चुका है।

UNC का हिस्सा बना जर्मनी

अमेरिका के यूएन कमांड (UNC) का 18वां सदस्य जर्मनी बन गया है। इस संगठन में 10 साल बाद किसी नए सदस्य को शामिल किया गया है, ऐसे में जर्मनी के लिए यह एक बड़ी बात रही। इस समय क्योंकि उत्तर कोरिया का खतरा कई देशों के लिए बढ़ चुका है, उसकी मिलिट्री ताकत में लगातार इजाफा हो रहा है, उस बीच समान विचार वाले कई देश साथ आ रहे हैं। इसी कड़ी में जर्मनी अब औपचारिक रूप से यूएनसी का हिस्सा बन गया है।