छात्रों के लिए अब अमेरिका (US) जाना आसान नहीं है। अमेरिका लगातार अधिक संख्या में छात्र वीजा को रिजेक्ट कर रहा है। ये संख्या पिछले एक दशक में उच्चतम स्तर पर है। US ने पिछले वित्तीय वर्ष (अक्टूबर 2023 से सितंबर 2024) में सभी देशों से 41% F-1 वीज़ा आवेदनों को अस्वीकार कर दिया गया। द इंडियन एक्सप्रेस ने अमेरिका के स्टेट डिपार्टमेंट डेटा का विश्लेषण किया। 2023-24 में (अमेरिकी सरकार का वित्तीय वर्ष 1 अक्टूबर से 30 सितंबर तक चलता है) अमेरिका को F-1 वीज़ा के लिए कुल 6.79 लाख आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 2.79 लाख (41%) को अस्वीकार कर दिया गया। वहीं 2022-23 में कुल 6.99 लाख में से 2.53 लाख आवेदन (36%) को अस्वीकार कर दिया गया था।
अमेरिका ने नहीं शेयर किए देशवार आंकड़ें
हालांकि अमेरिकी विदेश विभाग ने एफ-1 वीजा के लिए देशवार अस्वीकृति दर के आंकड़े शेयर नहीं किए। लेकिन इंडियन एक्सप्रेस ने पिछले साल 9 दिसंबर को बताया था कि 2024 के पहले 9 महीनों में भारतीयों को जारी किए गए छात्र वीजा की संख्या 2023 की इसी अवधि की तुलना में 38% कम हो गई थी।
आंकड़ों के अनुसार पिछले दशक में सभी देशों से आवेदनों की कुल संख्या में गिरावट के बावजूद छात्र वीजा अस्वीकृत होने का प्रतिशत बढ़ा है। इस अवधि के दौरान 2014-15 में आवेदनों की कुल संख्या 8.56 लाख पर पहुंच गई, लेकिन अगले कुछ वर्षों में इसमें लगातार गिरावट देखी गई। कोविड के बाद आवेदनों की संख्या में लगातार वृद्धि हुई लेकिन 2023-24 में 3% की कमी आई। नतीजतन पिछले वित्तीय वर्ष में वीजा अस्वीकृत होने वालों की कुल संख्या (2.79 लाख) कम से कम एक दशक में सबसे अधिक प्रतिशत दर्शाती है। 2023-24 में कुल 4.01 लाख एफ-1 वीजा जारी किए गए, जो पिछले वर्ष (4.45 लाख) से कम है।
ट्रंप प्रशासन को झटका, अमेरिकी जज ने भारतीय शोधकर्ता की निर्वासन कार्रवाई रोकी, बताई यह वजह
एफ-1 वीजा अमेरिका में शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए एक गैर-आप्रवासी श्रेणी है, जबकि एम-1 वीजा व्यावसायिक और गैर-शैक्षणिक कार्यक्रमों को कवर करता है। इंडियन एक्सप्रेस के विश्लेषण में एफ-1 वीजा पर ध्यान केंद्रित किया गया है, जो सालाना अमेरिकी छात्र वीजा का 90 प्रतिशत से अधिक हिस्सा है।
हालांकि एफ-1 वीजा अस्वीकृति का देशवार ब्यौरा उपलब्ध नहीं है, लेकिन इंडियन एक्सप्रेस ने पिछले दिसंबर में बताया था कि जनवरी से सितंबर 2024 तक भारतीयों को 64,008 छात्र वीजा जारी किए गए, जो 2023 में इसी अवधि में 1.03 लाख से कम है। अब विदेश विभाग की वेबसाइट कहती है कि मार्च-सितंबर की मंथली रिपोर्ट दिसंबर 2024 में अपडेट की गई थी। इसके साथ जनवरी-सितंबर से 9 महीनों के लिए कुल आंकड़ा 63,973 है।
जानें कितने भारतीयों को मिला वीजा
आंकड़ों के अनुसार 2021 में इसी अवधि के दौरान 65,235 वीजा जारी किए गए और 2022 में 93,181 जारी किए गए। भारतीय छात्र अमेरिका में अंतरराष्ट्रीय छात्र समूह का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। ओपन डोर्स 2024 की रिपोर्ट से पता चला है कि 2023-24 में भारतीय छात्रों की संख्या चीनी छात्रों से आगे निकल गई, जिससे भारतीय अमेरिका में सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय छात्र समूह (अंतर्राष्ट्रीय छात्रों का 29.4%) बन गए। ओपन डोर्स के आंकड़ों के अनुसार 2023-24 में अमेरिका में 3.31 लाख भारतीय छात्र थे, जो भारतीय समूह के लिए अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।