स्टॉकहोम में रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज में मंगलवार (4 अक्टूबर, 2022) को एलेन एस्पेक्ट, जॉन एफ क्लॉसर और एंटोन ज़िलिंगर को भौतिकी के लिए इस साल के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। एलेन एस्पेक्ट फ्रांस के फिजिक्स साइंटिस्ट हैं, जबकि जॉन और ज़िलिंगर ऑस्ट्रिया के वैज्ञानिक हैं।

इन वैज्ञानिकों के प्रयोगों ने क्वांटम सूचना के आधार पर नई तकनीक का रास्ता साफ कर दिया है। विजेताओं के नामों की घोषणा करते हुए नोबेल पुरस्कार समिति ने कहा कि एलेन एस्पेक्ट, जॉन एफ क्लॉसर और एंटोन ज़िलिंगर के प्रायोगिक उपकरणों के विकास ने क्वांटम प्रौद्योगिकी के एक नए युग की नींव रखी है।

पिछले साल 2021 में तीन वैज्ञानिकों स्यूकुरो मानेबे, क्लाउस हैसलमैन और जियोर्जियो पेरिसी को नोबल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उन्हें प्रकृति की जटिल ताकतों को समझाने और भविष्यवाणी करने के लिए पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। यह जलवायु परिवर्तन को समझने में सहायक है।

नोबेल पुरस्कार की घोषणा सोमवार (3 अक्टूबर, 2022) से शुरू हुई है। सबसे पहले स्वीडिश वैज्ञानिक स्वंते पाबो को चिकित्सा (medicine) के लिए नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें निएंडरथल डीएनए पर उनकी खोजों के लिए यह सम्मान मिला है। उन्होंने आधुनिक मानव और विलुप्त प्रजातियों के जीनोम की तुलना कर बताया कि इनमें आपसी मिश्रण है।

बुधवार (5 अक्टूबर, 2022) को रसायन विज्ञान और गुरुवार (6 अक्टूबर, 2022) को साहित्य के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कारों की घोषणा की जाएगी। वहीं, इस साल के लिए नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा शुक्रवार (7 अक्टूबर, 2022) को की जाएगी, जबकि अर्थशास्त्र के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार की घोषणा 10 अक्टूबर को की जाएगी।

बता दें कि नोबेल पुरस्कार चिकित्सा, भौतिकी, रसायन विज्ञान, साहित्य और शांति के क्षेत्र में दिया जाता है। स्वीडिश उद्योगपति और डायनामाइट के अविष्कारक अल्फ्रेड नोबेल की इच्छा पर यह पुरस्कार देने की परंपरा शुरू की गई थी। अल्फ्रेड की मृत्यु के 5 साल बाद साल 1901 में पहली बार नोबेल पुरस्कार दिया गया था। हर पुरस्कार में 10 मिलियन क्रोनर होता है और इसे 10 दिसंबर की तारीख पर डिप्लोमा और स्वर्ण पदक के साथ दिया जाता है।