Russia Kamchatka Earthquake: रूस के कामचटका में बुधवार सुबह 8.7 तीव्रता का भूकंप आया है। इससे समुद्र में 4 मीटर (13 फीट) तक ऊंची लहरें उठीं। इसके बाद एहतियात बरतते हुए जापान के पूर्वी तट के अधिकांश हिस्सों से लोगों को निकाला गया है। इसके कई डरावने वाले वीडियो सामने आए हैं। United States Geological Survey (USGS) ने कहा है कि भूकंप का केंद्र रूस के पेट्रोपावलोव्स्क-कामचत्स्की से 133 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में 74 किलोमीटर की गहराई पर था।

जो वीडियो सामने आए हैं, उनमें इमारतें हिलती हुई दिखाई दे रही हैं और कई जगहों पर नुकसान की खबरें हैं। USGS ने Pacific islands, रूस और जापान के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की है। USGS की ओर से चेतावनी में कहा गया है कि उत्तरी मारियाना द्वीप समूह गुआम, रोटा, टिनियन और साइपन में सुनामी का खतरा है।

रॉयटर्स ने बताया है कि, रूस के क्षेत्रीय गवर्नर ने बताया कि 8.7 तीव्रता के भूकंप से कोई घायल नहीं हुआ है। कामचटका के गवर्नर व्लादिमीर सोलोदोव ने कहा, “आज का भूकंप बहुत तेज था और दशकों में आए सबसे शक्तिशाली झटकों में से एक था।”

ट्रंप ने कहा- सेफ रहें

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने X पर कहा है कि प्रशांत महासागर में आए भूकंप के कारण, हवाई में रहने वालों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। अलास्का और संयुक्त राज्य अमेरिका के प्रशांत तट पर निगरानी जारी है। जापान भी खतरे में है। अपडेट के लिए https://tsunami.gov पर जाएं। 

दुनिया के सबसे ताकतवर देश में गोलीबारी करने वाला शेन तमुरा कौन है?

अमेरिकी सुनामी चेतावनी केंद्र ने क्या कहा?

US Tsunami Warning Center ने कैलिफोर्निया, ओरेगन और वाशिंगटन के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की है। इसका कहना है कि दक्षिण अमेरिका का इक्वाडोर भी सुनामी की चपेट में आ सकता है। द गार्जियन की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी केंद्र ने कहा है कि 8.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप के कारण रूस और इक्वाडोर के पूर्वी तट पर तीन मीटर से अधिक ऊंची लहरें उठ सकती हैं।

USGS ने सुनामी की पुष्टि की है और अलास्का के कुछ हिस्सों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की है। राज्य के अल्यूशियन द्वीप समूह के पास समालगा दर्रे के लिए सुनामी की चेतावनी पहले से जारी है।

रूस के आपातकालीन मामलों के मंत्री लेबेदेव के अनुसार, भूकंप के बाद कामचटका क्षेत्र के कुछ हिस्सों में 3 से 4 मीटर ऊंची लहरों वाली सुनामी दर्ज की गई। लेबेदेव ने कहा, “सभी को पानी से दूर चले जाना चाहिए।”

लोगों को निकालने का काम जारी

भूकंप और सुनामी के खतरे के बाद, रूस के सखालिन क्षेत्र के छोटे शहर सेवेरो-कुरिल्स्क से लोगों को निकालने का काम चल रहा है। जापान ने अपने नागरिकों को चेतावनी देते हुए देश के कुछ हिस्सों को तुरंत खाली करने का आदेश दिया है क्योंकि सुनामी की लहरें आगे बढ़ रही हैं। सुनामी की चेतावनी जापान के पूर्वी प्रशांत तट के एक बड़े हिस्से, होक्काइडो के पूर्वी प्रशांत तट से लेकर वाकायामा प्रांत तक पर लागू है।

कामचटका में आए छह भूकंप

USGS के अनुसार, बुधवार को कामचटका प्रायद्वीप में कम से कम छह भूकंप आए। 8.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप के बाद रूसी तट पर 6.9, 6.3, 5.4, 5.7 और 5.6 तीव्रता के भूकंप आए।

होनोलूलू आपातकालीन प्रबंधन विभाग ने राज्य में सुनामी की चेतावनी जारी होने के बाद हवाई के कुछ तटीय इलाकों को खाली कराने का आदेश दिया है। 4 नवंबर 1952 को, कामचटका में 9.0 तीव्रता का भूकंप आया था। तब किसी की मौत नहीं हुई थी लेकिन हवाई में 9.1 मीटर (30 फीट) ऊंची लहरें उठी थीं। 

सीजफायर के लिए राजी हुए कंबोडिया-थाईलैंड, शिव मंदिर को लेकर छिड़ी थी जंग