अमेरिका में सबसे लंबी आकाशीय बिजली गिरने का रिकॉर्ड बना है। बता दें कि इसकी लंबाई इतनी थी कि यह अमेरिका के एक हिस्से से करीब दूसरे हिस्से तक फैली थी। संयुक्त राष्ट्र की मौसम एजेंसी ने इसे दुनिया की सबसे लंबी आकाशीय बिजली बताया है। गौरतलब है कि इसकी लंबाई 768 किलोमीटर थी।

अप्रैल 2020 में हुई यह घटना दक्षिणी अमेरिका में देखी गई थी। इसकी लंबाई लंदन से जर्मनी के हैम्बर्ग तक की दूरी थी। वहीं दूसरा फ्लैश जून 2020 में मापा गया था। यह उरुग्वे-अर्जेंटीना सीमा पर फैला हुआ था। यह 17 सेकंड तक चला। जो अब तक किसी भी अन्य फ्लैश की तुलना में अधिक समय तक चला।

अप्रैल 2020 की घटना 2018 में ब्राजील में पिछले रिकॉर्ड की तुलना में 60 किलोमीटर अधिक पाई गई। वैज्ञानिकों ने इसे मेगाफ्लैश नाम दिया है। दरअसल अप्रैल 2020 से लेकर अब तक दुनिया भर में गिरने वाली आकाशीय बिजलियों के रिकॉर्ड की जांच की जा रही थी।

ऐसे में इसे सबसे अधिक लंबाई वाली आकाशीय बिजली पाया गया। टेक्सास से लेकर मिसिसिपी तक इसकी चमक देखी गई थी। वहीं इसने पिछले रिकॉर्ड को 60 किलोमीटर से पीछे किया है। वर्ल्ड मेट्रोलॉजिकल ऑर्गेनाइजेशन ने भी इसकी पुष्टि की है।

एरिज़ोना स्टेट यूनिवर्सिटी के रान्डेल सर्वेनी ने इस बारे में जानकारी दी है कि अब हमारे पास इस बात के साफ तौर पर सबूत हैं कि बिजली गिरने की घटना 17 सेकंड तक चल सकती है। उन्होंने कहा, “यह वैज्ञानिकों के लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यह बिजली की गतिशीलता के बारे में हमारी समझ में सुधार करता है।”

वहीं WMO की प्रवक्ता क्लेयर नलिस ने बताया कि अगर प्लेन से कोई शख्स 768 किलोमीटर की यात्रा करे तो उसे करीब डेढ-दो घंटे का समय लगेगा। लेकिन यहां पर गिरी आकाशीय बिजली ने इस दूरी को महज कुछ सेकेंड्स में ही पूरा कर लिया। बता दें कि इससे पहले जून 2020 में उरुग्वे और अर्जेंटीना के ऊपर मैगाफ्लैश देखा गया है। उस समय यह करीब 17.1 सेकेंड्स तक दिखाई दी थी। राहत की बात यह है कि इन दोनों समयों पर मेगाफ्लैश का संपर्क धरती से नहीं हुआ था, नही तो कोई बड़ी आपदा आ सकती थी।