अफगानिस्तान से अमेरिकी सेना की वापसी के बाद से वहां फिर से तालिबान का आतंक बढ़ गया है। अब तालिबान ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं हैं। तालिबान के आतंकियों ने एक लड़की की सिर्फ इसलिए हत्या कर दी, क्योंकि उसने टाइट कपड़े पहने थे और उसके साथ कोई पुरुष साथी नहीं था।
रिपोर्ट के मुताबिक, घटना उत्तरी बल्ख प्रांत के समर कांदियान के एक गांव की है, जिस पर पूरी तरह से तालिबानियों का कब्जा है। बल्ख के पुलिस प्रवक्ता आदिल आदिल शाह आदिल ने बताया कि लड़की का नाम नाजनीन था और उसकी उम्र 21 साल थी। उन्होंने बताया कि लड़की अपने घर से बल्ख की राजधानी मजार-ए-शरीफ जा रही थी। वो अपने घर से निकलकर गाड़ी में बैठ ही रही थी कि तभी आतंकियों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
उधर, तालिबान ने सोमवार को एक और प्रांत की राजधानी पर कब्जा कर लिया है। अमेरिका और नाटो सैनिकों की वापसी के बीच बागियों के हमले जारी हैं। हाल के हफ्तों में समूचे अफगानिस्तान में उग्रवादियों ने बढ़त हासिल की है। जिलों व बड़े ग्रामीण हिस्से पर नियंत्रण करने के बाद प्रांतीय राजधानियों की ओर अपना रूख किया है। वहीं वे राजधानी काबुल में सरकारी अधिकारियों को भी निशाना बना रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निंदा और संयुक्त राष्ट्र की इस चेतावनी के बावजूद हमले हो रहे हैं कि सैन्य तौर पर जीत और सत्ता पर काबिज़ होने पर मान्यता नहीं दी जाएगी। तालिबान ने अफगान सरकार के साथ बातचीत की मेज़ पर लौटने की अपीलों को अनसुना कर दिया है।
उत्तरी सर-ए-पुल प्रांत की परिषद के प्रमुख मोहम्मद नूर रहमानी ने कहा कि तालिबान ने प्रांतीय राजधानी पर कब्जा कर लिया है। उनके मुताबिक, अफगान सुरक्षा बलों ने एक हफ्ते तक शहर को तालिबान के कब्जे में जाने से बचाने की कोशिश की लेकिन सर-ए-पुल शहर पर तालिबान का नियंत्रण हो ही गया।
उन्होंने कहा कि प्रांत से सरकारी बल पूरी तरह से पीछे हट गए हैं। रहमानी ने यह भी बताया कि सरकार समर्थक स्थानीय मिलिशिया के कई लड़ाकों ने बागियों के आगे बिना लड़े हथियार डाल दिए हैं जिससे उन्होंने पूरे सूबे पर कब्जा कर लिया है। तालिबान ने सर-ए-पुल के साथ ही पश्चिमी निमरोज़ प्रांत की राजधानी ज़रंज, उत्तरी जौज़जान प्रांत की राजधानी शेबरगान और अन्य उत्तरी सूबे तालकान की राजधानी जो इसी नाम से है, पर कब्ज़ा कर लिया है।
तालिबान उत्तरी कुंदुज प्रांत की राजधानी कुंदुज शहर पर नियंत्रण के लिए भी लड़ कर रहा है। रविवार को उन्होंने अपना झंडा शहर के मुख्य चौराहे पर लगा दिया। कुंदुज पर कब्जा तालिबान के लिए एक अहम बढ़त होगी। पश्चिम देशों के समर्थन वाली सरकार के खिलाफ अभियान के तहत क्षेत्र लेने और उस पर कब्जा बरकरार रखने की उसकी क्षमता की आज़माइश होगी। यह देश के बड़े शहरों में शुमार है।