हर साल 14 नवंबर का दिन बेहद खास होता है। इस दिन को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसी दिन देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू का जन्मदिन भी है। पंडित जवाहर लाल नेहरू को बच्चों के साथ बेहद ही स्नेह था। बच्चों के बीच चाचा नेहरू के नाम से मशहूर जवाहर लाल नेहरू का जन्म 14 नवंबर 1889 को इलाहाबाद में हुआ था। देश के पहले प्रधानमंत्री के जन्मदिन के मौके पर कई लोगों ने उन्हें याद किया। कांग्रेस के सभी नेताओं ने जहां पंडित नेहरू को याद किया तो वहीं देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी पंडित नेहरू को याद करते हुए ट्विटर पर लिखा कि ‘पहले प्रधानमंत्री श्री जवाहरलाल नेहरू का उनकी जन्म जयंती पर सादर स्मरण।’
देश के मौजूदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पंडित नेहरू को इस मौके पर याद किया। पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘हमारे पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू को उनके जन्मदिवस के मौके पर याद कर रहा हूं। देश की आजादी की लड़ाई में उनका योगदान और प्रधानमंत्री के तौर पर उनका कार्यकाल हम सभी याद कर रहे हैं।’ प्रधानमंत्री के इस ट्वीट के बाद कई यूजर्स ने इसपर अपनी प्रतिक्रिया दी है। कई यूजर्स पीएम मोदी के इस ट्वीट को पढ़ने के बाद इसपर मजे ले रहे हैं।
बहरहाल आपको बता दें कि बाल दिवस की नींव साल 1925 में रखी गई थी। 1953 में बाल दिवस को पूरे विश्व में मान्यता प्राप्त हुई थी। यूएन ने 20 नवंबर को पूरे देश में बाल दिवस मनाने का ऐलान किया। भारत में बाल दिवस पंडित जवाहर लाल नेहरू के जन्मदिवस के मौके पर मनाया जाता है।