वास्तु शास्त्र घर और घर की वस्तुओं को रखने की दिशा की गणना करता है। इस शास्त्र में यह माना जाता है कि अलग-अलग दिशाएं अलग-अलग वस्तुओं और कार्यों के लिए विभिन्न प्रकार के फल देने वाली होती हैं। हर एक दिशा की ओर से एक ऊर्जा आती है। जो घर के नक्शे और घर में रखें सामान से प्रभावित होती है। इस शास्त्र को प्राचीन काल से बहुत उपयोगी माना जाता रहा है।

आज भी लोग इस शास्त्र में बताए गए उपायों को मानते हैं। कहते हैं कि घर में सकारात्मकता और नकारात्मकता का प्रभाव भी वास्तु की वजह से होता है। घर से नकारात्मक ऊर्जा निकालना बहुत आवश्यक होता है। वरना घर के सभी लोग प्रतिकूल रूप से इससे प्रभावित रहते हैं। जानते हैं ऐसे वास्तु टिप्स जिन्हें अपनाकर घर से नकारात्मक ऊर्जा निकालने की मान्यता है।

घर में तुलसी का पौधा जरूर लगाएं। वास्तु शास्त्र में ऐसा माना जाता है कि घर में तुलसी के पौधे को सींचना, जल देना और शाम के समय तुलसी जी के पास दीपक जलाना घर से नकारात्मक ऊर्जा को बाहर निकालता है। घर में तुलसी का पौधा सकारात्मकता लाता है।

मंगलवार और शनिवार को पानी में नमक डालकर उस पानी का पोछा पूरे घर में लगाना चाहिए। माना जाता है कि घर में नमक के पानी का पोछा लगाने से घर से नकारात्मक बाहर निकलती है। नमक घर से सभी नकारात्मक तत्वों को बाहर निकालता है।

वास्तु शास्त्र के अनुसार घर में किसी भी देवी-देवता की एक से अधिक मूर्ति नहीं होनी चाहिए। एक भगवान की एक ही मूर्ति घर में रखना शुभ माना जाता है। साथ ही यह ध्यान रखें कि घर में ईश्वर की बहुत बड़ी मूर्ति नहीं लगानी चाहिए। छोटी मूर्तियों का पूजन किया जाना चाहिए।

घर के सभी सदस्यों की साथ में हंसती हुई फोटो घर में लगाएं। ऐसा करने से नकारात्मकता हटती है। साथ ही घर के सदस्यों में प्रेम बढ़ता है और घर में खुशहाली का माहौल बना रहता है। यह उपाय नकारात्मकता घटाने के लिए बहुत कारगर माना जाता है।

घर में विंड चाइम जरूर लगाएं। यह दरवाजे पर लगाना चाहिए। कहते हैं कि घर में किसी के आने-जाने से जब विंड चाइम हिलकर आवाज करता है तो उससे घर की नकारात्मकता दूर होती है। इसे फेंगशुई के मुताबिक भी अच्छा माना जाता है।