अनियंत्रित जीवनशैली और खराब खानपान की वजह से कई तरह की समस्याएं हो जाती हैं, जिनमें से एक है त्वचा पर फोड़े-फुंसी का होना। बरसात या गर्मी के मौसम में यह समस्या बढ़ जाती है। कई लोगों के शरीर पर अक्सर फोड़े-फुंसी निकल आते हैं। स्किन एक्सपर्ट्स के अनुसार त्वचा पर फोड़े-फुंसी बैक्टीरियल इंफेक्शन के कारण होते हैं। ऐसे में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है। योग गुरु बाबा रामदेव भी फोड़े-फुंसियों से निपटने के लिए कई योगासन सुझाते हैं। आइये जानते हैं…
कपालभाति: स्वामी रामदेव कहते हैं कि कपालभाति करने से फोड़े-फुंसी ठीक करने में मदद मिलती है। रोजाना कपलभाति से शरीर से कार्बन डाइऑक्साइड बाहर निकलती है। ऐसा करने से रक्त भी साफ होता है, जिससे त्वचा संबंधी बीमारियों को ठीक करने में मदद मिलती है। आपको बता दें कि कपालभाति करने से पाचन तंत्र में भी सुधार होता है और ब्लड सर्कुलेशन भी बढ़ता है, जिससे त्वचा संबंधी समस्याओं से छुटकारा भी मिलता है।
उत्तानासन: कई बार तनाव के कारण भी फोड़े-फुंसी की समस्या हो जाती है। स्वामी रामदेव के अनुसार उत्तानासन करने से शरीर स्ट्रेच होता है और किडनी व लिवर को भी स्वस्थ रखने में मदद करता है। रोजाना यह योगासन करने से फोड़े-फुंसी की समस्या को भी ठीक किया जा सकता है साथ ही यह योगासन हॉर्मोन को भी संतुलित बनाए रखता है, जिससे त्वचा संबंधी रोगो को ठीक करने में मदद मिलती है।
शीर्षासन: योग गुरु स्वामी रामदेव के अनुसार शीर्षासन करने से शरीर में ब्लड फ्लो सही रहता है। इसके अलावा यह योगासन रोजाना लगभग 10 मिनट करने से त्वचा से फोड़े फुंसी की समस्या के साथ साथ रिंकल्स की समस्या भी ठीक हो जाती है। यह योगासन चेहरे की खूबसूरती बढ़ाने में भी मदद करता है।
ये घरेलू उपाय भी हैं कारगर:
– नारियल के तेल में भी एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं, जो फोड़े-फुंसी को तेजी से सुखाते हैं।
– नीम की पत्तियों में एंटी फंगल गुण होते हैं, इसकी पत्तियों को भी पीसकर लगा सकते हैं।
– हल्दी व दूध को मिलाकर पेस्ट बना लें। इससे भी फोड़ा-फुंसी तेजी से सूखता है।
– तुलसी की पत्तियों का पेस्ट भी घाव सुखाने में बेहद कारगर है।