Fatty Liver Diet Plan: आज की खराब लाइफस्टाइल और खाने-पीने में अनियमितता कई बीमारियों को बुलावा देती है। इन्हीं में से एक है फैटी लिवर की समस्या जो आज के समय में बहुत आम हो चुकी है। फैटी लिवर भी एक ऐसी ही बीमारी है जो गलत खानपान व अनहेल्दी आदतों के कारण होती है। लिवर के इर्द-गिर्द आमतौर पर हमेशा ही कुछ मात्रा में फैट जमा रहता है लेकिन जब इसके सेल में बहुत अधिक फैट जमा हो जाता है तो फैटी लिवर की समस्या हो जाती है। इस बीमारी में लोगों के लिवर में सूजन हो जाती है और वो संकुचित होने लगता है। खाना पचने में अधिक समय लगना, अचानक वजन घटना, कमजोरी और थकान इस बीमारी के प्रमुख लक्षण हैं। हाई कोलेस्ट्रॉल, बीपी और डायबिटीज के मरीजों में फैटी लिवर से पीड़ित होने की अधिक आशंका रहती है। ऐसे में आइए जानते हैं कि क्या खाना हो सकता है फायदेमंद और किन चीजों को नहीं बनाना चाहिए अपनी डाइट का हिस्सा-
इन चीजों से बढ़ता है खतरा: फैटी लिवर की परेशानी को हेल्दी खाना खाने से कंट्रोल में रखा जा सकता है। ऐसे में जरूरी है कि लिवर पर खराब असर डालने वाली चीजों का सेवन नहीं किया जाए। इन चीजों में जो सबसे प्रमुख है वो है एल्कोहल, फैटी लिवर के अलावा कई और लिवर संबंधित गंभीर बीमारी के पीछे शराब का अत्यधिक सेवन है। इसके अलावा, जरूरत से ज्यादा चीनी व नमक खाने से भी फैटी लिवर की समस्या उत्पन्न होती है। इसलिए मरीजों को कैंडी, कुकीज, सोडा व पैक्ड फ्रूट जूस से दूरी बना लेनी चाहिए। हाई ब्लड शुगर के कारण लिवर में ज्यादा मात्रा में फैट बनने लगता है। वहीं, नमक के अधिक सेवन से शरीर में पानी की मात्रा ज्यादा हो जाती है। इसके अलावा, वाइट ब्रेड, चावल, पास्ता और रेड मीट खाना भी फैटी लिवर के मरीजों के लिए हानिकारक हो सकता है।
ऐसी होनी चाहिए डाइट: इस बीमारी के मरीजों को रोजाना निश्चित समय पर खाना खा लेना चाहिए। आप सुबह के नाश्ते में ओटमील या दलिया में 2 चम्मच आल्मंड बटर डालकर खा सकते हैं। इसके अलावा, 1 केला और 1 कप लो फैट या स्किम मिल्क से बनी कॉफी भी पी सकते हैं। दोपहर के खाने में विनेगर और ऑलिव ऑयल युक्त पालक का सलाद खा सकते हैं। इसके अलावा, 3 ग्रिल्ड चिकन, 1 छोटा बेक्ड पोटैटो, 1 सेब और एक गिलास दूध भी पी सकते हैं।
वहीं, दोपहर में एक कप उबली हुई ब्रोकली, गाजर व अन्य सब्जियां भी आप खा सकते हैं। शाम में स्नैक्स के तौर पर सेब के टुकड़ों पर पीनट बटर लगाकर या सब्जियों के साथ 2 चम्मच हम्मस खाएं। इसके अलावा, पनीर के साथ कम नमक वाले राइस क्रैकर्स भी आप खा सकते हैं। वहीं, रात के खाने में 100 से 120 ग्राम चिकन या फिश खाएं। आप रात में मिक्सड बीन सलाद भी खा सकते हैं, साथ ही होल ग्रेन रोल, एक कप बेरीज और एक गिलास दूध का सेवन भी कर सकते हैं।
