Constipation Ayurvedic Remedies: जब किसी व्यक्ति को लगातार मल त्याग करने में परेशानी का सामना करना पड़ता है तो माना जाता है कि वो कब्ज से पीड़ित है। इस बीमारी से ग्रस्त मरीजों का पेट पूरी तरह साफ नहीं होता है और शौच के दौरान उन्हें काफी समस्या होती है। इस वजह से मरीजों में चिड़चिड़ापन, गुस्सा और आलस्यता भी देखी जाती है। एक अध्ययन के अनुसार भारत में करीब 22 फीसदी वयस्क इस बीमारी से पीड़ित हैं।

आयुर्वेद में तकरीबन सभी बीमारियों का इलाज एक प्राकृतिक प्रक्रिया के जरिये बताया जाता है। इसमें पारंपरिक औषधियों के इस्तेमाल पर जोर दिया जाता है। आयुर्वेद के अनुसार जीवन शैली खराब होने के कारण लोगों को कब्ज की शिकायत हो सकती है। जो लोग कब्ज से पीड़ित हैं, उन्हें रोज गर्म व नमी से भरपूर भोजन करना चाहिए। साथ ही, अधिकतर समय गर्म पानी पीने की कोशिश करें। आइए जानते हैं कि कब्ज से पीड़ित मरीजों के लिए कौन से आयुर्वेदिक उपाय कारगर साबित होंगे –

त्रिफला: इस आयुर्वेदिक औषधि के इस्तेमाल से कई स्वास्थ्य परेशानियां दूर हो सकती हैं। त्रिफला को सूखे आंवले, हरीतकी और भिभितकी के पत्तों को मिलाकर बनाया जाता है। कब्ज की परेशानी को दूर करने में ये असरदार तो साबित होता ही है, साथ ही इससे कोई साइड इफेक्ट भी नहीं होता है।

दावा किया जाता है कि करीब 2 सप्ताह तक इसके नियमित इस्तेमाल से ही मरीजों को आराम मिलेगा। एक चम्मच त्रिफला को एक कप गर्म पानी में 10 मिनट तक छोड़ दें, पानी आध हो जाने पर इसे छानकर पीयें।

सौंफ: इसमें एंटी-इंफ्लेमेट्री तत्व पाए जाते हैं जो पेट संबंधी दिक्कतों को दूर करने में सहायक हैं। साथ ही, ये फाइबर का भी बेहतरीन स्रोत होता है। ऐसे में इसके सेवन से कब्ज के मरीजों को आराम मिलेगा। हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक कॉन्स्टिपेशन व पेट संबंधी दूसरी दिक्कतें जैसे कि गैस व पेट में सूजन झेल रहे लोग सौंफ की चाय पी सकते हैं।

अंजीर: इस फल में सॉल्यूबल फाइबर होता है जो मल त्याग की प्रक्रिया को आसान बनाता है। साथ ही, इसके सेवन से पेट भी साफ होता है जिससे वेस्ट मेटीरियल निकलने में आसानी होती है। रात को अंजीर को भिगोने रखें और सुबह इनका सेवन करें। ऐसा करने से कब्ज से ग्रस्त मरीजों को राहत मिलेगी।

बेल: विशेषज्ञों के अनुसार बेल पेट को ठंडा करता है और इसमें मौजूद फाइबर्स कब्ज की परेशानी को कम करने में सहायक है। आप चाहें तो बेल के पल्प का सेवन कर सकते हैं या फिर इससे बना शरबत भी पी सकते हैं।