Tips for Thyroid Patients: थायरॉयड की बीमारी को साइलेंट किलर भी कहा जाता है क्योंकि इसके लक्षण धीरे-धारे सामने आते हैं। आज के समय में बहुत आम बन चुकी इस बीमारी से न केवल उम्रदराज लोग बल्कि युवा भी पीड़ित हो रहे हैं। ‘थायरॉइड’ गले में एक विशेष ग्लैंड को कहा जाता है जो थायरोक्सिन नामक एक हार्मोन का उत्पादन करती है। ये हार्मोन शरीर के क्रिया-कलापों के लिए बहुत जरूरी है। अगर किसी व्यक्ति में थायरॉयड ग्लैंड ज्यादा मात्रा में ये हार्मोन पैदा करने लगता है तो उस स्थिति को हाइपर थायरॉयडिज्म कहा जाता है। इस बीमारी में थायरॉयड ग्लैंड के ओवर एक्टिव होने से शरीर का मेटाबॉलिज्म बहुत कम हो जाता है। थायरॉयड की समस्या को कंट्रोल में रखने के लिए अपने खान-पान का ध्यान रखना बहुत जरूरी है। ऐसे में आइए जानते हैं कि थायरॉयड के मरीजों के लिए क्या खाना होगा फायदेमंद-
साबुत अनाज: थायरॉयड के मरीजों को अपने डाइट का खास ख्याल रखना चाहिए। ऐसे में साबुत अनाज खाना इनके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। नॉर्मल आटे की तुलना में साबुत अनाज में पोषण की मात्रा अधिक होती है। विटामिन, मिनरल्स, फाइबर और प्रोटीन जैसे पोषक तत्वों का भंडार साबुत अनाज खाने से शरीर में इम्यूनिटी की मात्रा बढ़ती है। आप साबुत अनाज के तौर पर जई, जौ, ब्रेड, ब्राउन पास्ता, ब्राउन राइस और पापकॉर्न खा सकते हैं।
मछली: मछली में आयोडीन की मात्रा अधिक होती है। खासकर कि झींगा, सेलफिश, ट्यूना और सालमन जैसी समुद्री मछलियों में आयोडीन का स्तर अधिक होता है, साथ ही इसमें ओमेगा 3 फैटी एसिड भी पाया जाता है। थायरॉयड के मरीजों के लिए ये फैटी एसिड खाना फायदेमंद साबित हो सकता है। बता दें कि थायरॉयड ग्लैंड के कारण होने वाली परेशानियों को हेल्थ एक्सपर्ट्स डाइट में अधिक आयोडीन खाने की सलाह देते हैं।
मुलेठी: थायरॉयड के मरीजों के लिए मुलेठी का सेवन फायदेमंद साबित हो सकता है। इसमें मौजूद पोषक तत्व थायरॉयड ग्लैंड को संतुलित रखने में मदद करता है। इसके अलावा, मुलेठी का इस्तेमाल करने से मरीजों को इस बीमारी के कारण होने वाली थकान को कम करने में भी मदद मिलती है।
नट्स और सीड्स: काजू, बादाम और सूरजमुखी के बीज जैसे नट्स और सीड्स शरीर को ऊर्जा देने में मददगार होते हैं। इन फूड आइटम्स में आयरन और कॉपर भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं जो थायरॉयड ग्लैंड के सुचारू रूप से कार्य करने में मदद करते हैं। साथ ही, ये एनर्जी का बेहतरीन स्रोत माना जाता है।
मशरूम – थायरॉयड के मरीजों के लिए मशरूम अच्छे आहारों में से एक है। इसमें सेलेनियम की मात्रा अधिक होती है, जो थायरॉयड को कंट्रोल करने का काम करता है। सेलेनियम को थायरॉयड-सुपर-न्यूट्रिएंट भी कहा जाता है, जो थायरॉयड से संबंधित ज्यादातर एंजाइम्स के लिए जरूरी होता है।
