Cold and Cough Remedies: बदलते मौसम के साथ लोगों का खानपान भी बदल जाता है। गर्मी में ठंडा पानी, शरबत या आइसक्रीम ठंडक तो प्रदान करता है, लेकिन साथ लाता है खांसी की परेशानी। ऐसे में ये कहना कतई गलत नहीं होगा हर मौसम के अपने फायदे और नुकसान होते हैं। माना जाता है कि मौसम के बदलने के साथ इम्युनिटी कमजोर होने की वजह से कई लोगों को सर्दी, खांसी और जुखाम की समस्या का सामना करना पड़ता है।
हालांकि, वर्तमान समय में खांसी सिर्फ एक साधारण परेशानी नहीं बल्कि कोरोना वायरस का प्रमुख लक्षण भी है। ऐसे में ये लोगों की रातों की नींद उड़ा सकती है, कई बार लोगों की शिकायत होती है कि उन्हें दिन के मुकाबले रात को अधिक खांसी होती है। आइए जानते हैं इससे निजात पाने के उपाय –
अदरक: खांसी की परेशानी दूर करने में अदरक अहम भूमिका निभाता है। अदरक का एक छोटा टुकड़ा लें, इसे कद्दूकस कर इसका सारा रस निकालें। फिर इसे छानकर बराबर मात्रा में शहद मिलाएं। इसे दो से तीन दिन तक नियमित रूप से दिन में 5 से 6 बार लें। इसके लगातार सेवन से खांसी में आराम मिल सकता है।
भाप लें: जो लोग नींद में अचानक होने वाली खांसी से परेशान हैं उन्हें सोने से पहले भाप लें। आप चाहें तो इसमें अजवाइन मिलाएं, उससे इसका प्रभाव बढ़ेगा।
सौंफ और मिश्री: भोजन के बाद होटलों में सौंफ-मिश्री खाने का इंतजार हर किसी को रहता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि ये खांसी दूर करने में भी सहायक है। खांसी की समस्या से जूझ रहे हैं तो हेल्थ एक्सपर्ट के अनुसार 100 ग्राम सौंफ में 50 ग्राम मिश्री मिलाकर हर दो से तीन घंटे में चूसें।
काढ़ा पीयें: गर्म काढ़ा पीने से गले को आराम मिलता है और इससे खांसी नहीं होती है। इसे दिन में दो बार पीने से खांसी से जल्द राहत मिलती है। काढ़ा बनाने के लिए एक बर्तन में अदरक, एक मोटी इलायची, चुटकी भर हल्दी पाउडर और एक चुटकी काली मिर्च पाउडर मिलाएं। अब इसमें डेढ़ गिलास पानी डालकर उबालें। 20 से 25 मिनट तक उबालकर इसे छलनी की मदद से छान लें। ध्यान रखें कि काढ़ा गर्म ही पीएं।
