गर्मियों में पानी से भरपूर चीजों का सेवन लोगों द्वारा खूब किया जाता है। इसमें खरबूजा, तरबूजा, ककड़ी, खीरा आदि प्रमुख हैं। बीटा कैरौटिन, विटामिन सी और एंटी-ऑक्सीडेंट्स से भरपूर खरबूजे की मांग इन दिनों काफी बढ़ जाती है। यह सेहत के लिए कई तरह से फायदेमंद ही होता है। ऐसे में इसके सेवन में कोई बुराई नहीं है। लेकिन, कहा गया है कि अति हर चीज की बुरी होती है। ऐसा खरबूजे के सेवन के साथ भी है। अगर आप अति से ज्यादा इस फल का सेवन करते हैं तो आपको सेहत संबंधी कई नुकसान उठाने पड़ सकते हैं। आइए, जानते हैं कि वे नुकसान कौन-कौन से हैं।
बढ़ा सकता है ब्लड शुगर – एक्सपर्ट्स बताते हैं कि डायबिटीज रोगियों को ज्यादा मात्रा में खरबूजे का सेवन नहीं करना चाहिए। इससे ब्लड शुगर का लेवल बढ़ जाता है। खरबूजे का ग्लाइकेमिक इंडेक्स काफी ज्यादा होता है। अगर आप डायबिटिक हैं और खरबूजा खाना बहुत पसंद करते हैं तो आपको बिना डॉक्टरी सलाह के इसे नियमित तौर पर नहीं लेना चाहिए।
आंतो के लिए नुकसानदेह – आयुर्वेद की मानें तो खरबूजे को अकेला खाना ही बेहतर होता है। इसके साथ किसी भी चीज को खाने से दोषों में असंतुलन हो जाता है। जो बीमारी का कारण बन सकता है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि खरबूजा खाने के बाद पानी नहीं पीना चाहिए। दरअसल, खरबूजे में पानी, शुगर और फाइबर काफी मात्रा में होते हैं। आंतों में बैक्टीरिया को पनपने के लिए पानी और शुगर की ही जरूरत होती है। ऐसे में खूब खरबूजे खाकर पानी पीने से आंतों में बैक्टीरिया के संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।
डायरिया की संभावना – खरबूजे में पर्याप्त मात्रा में पानी और फाइबर होता है लेकिन फिर भी ज्यादा मात्रा में इसका सेवन आपको डायरिया का शिकार बना सकता है। खरबूजे में सोर्बिटोल नाम के शुगर की अधिकता होती है जो सामान्य मात्रा में लिए जाने पर शरीर को कोई नुकसान नहीं पहुंचाती लेकिन ज्यादा मात्रा में इसका सेवन करने से आपको गैस संबंधी समस्या हो सकती है।
खरबूजा खाने के दौरान सावधानियां – एक्सपर्ट्स बताते हैं कि खरबूजा खाने के बाद कभी तुरंत पानी नहीं पीना चाहिए। इसे खाने के तुरंत बाद पानी पीने से हैजा होने का खतरा बना रहता है। इसके अलावा खरबूजा सुबह खाली पेट नहीं खाना चाहिए। खाली पेट खरबूजा खाने से आपको पित्त संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। प्रेगनेंसी के दौरान भी खरबूजे से परहेज करना चाहिए। दरअसल, खरबूजा काफी भारी फूड होता है। ऐसे में अगर आप इसे हजम नहीं कर पाते, तो इससे आपको पेट संबंधी विकार हो सकते हैं।
