खराब जीवन शैली, तनाव और प्रदूषण से मुंहासों की समस्या दिन पर दिन बढ़ती ही जा रही है। मुंहासों से न केवल चेहरे की खूबसूरती छिनती है, बल्कि जाते-जाते यह अपने निशान भी छोड़कर चले जाते हैं। पिंपल्स के साथ-साथ कई बार लोगों को खुजली और रेडनेस की भी परेशानी होने लगती है। एक बार चेहरे या शरीर के दूसरे हिस्सों में पिंपल हो जाए तो इंसान का पूरा ध्यान उसे हटाने में ही लग जाता है। इससे छुटकारा पाने के लिए कई बार लोग ब्यूटी प्रोडक्ट्स का भी इस्तेमाल करते हैं, जो इन्हें दूर करने की जगह इन्हें और भी बढ़ा देते हैं।
लेकिन खास बात तो यह है कि पिंपल्स और मुंहासों को दूर करने के लिए हमें किसी भी तरह के ब्यूटी प्रोडक्ट्स का सहारा लेने की जरूरत नहीं है। आयुर्वेद के मुताबिक, किचन में मौजूद कुछ चीजें ही इससे छुटकारा दिलाने में मदद कर सकती हैं।
धनिया
धनिया एक ऐसी जड़ी-बूटी है जो तीनों दोषों को ही संतुलित करती है। मुंहासों को दूर करने के लिए धनिये के कुटे हुए बीजों को गर्म पानी में डुबोएं, इसे छानकर इसमें नींबू और शहद मिलाएं। इसके बाद इसे मुंहासों पर लगाएं, जो न केवल इसे दूर करेगा, बल्कि सूजन और रेडनेस को भी खत्म करेगा।
मसूर
मसूर न केवल मुंहासों को दूर करती है, बल्कि त्वचा पर मौजूद व्हाइटहेड और ब्लैकहेट को भी हटाती है। पिंपल्स को दूर करने के लिए मसूर की दाल को रात भर के लिए कच्चे दूध और दही में भिगो दें। इसका पेस्ट बनाकर चेहरे पर मास्क की तरह लगाएं।
सौंफ
सौंफ मेटाबॉलिज्म को बढ़ाता है, साथ ही हार्मोन को संतुलित करने में भी मदद करता है। इसमें मौजूद उच्च फाइबर सामग्री व्यक्ति की आंतों को साफ रखने में भी मदद करती है।
केसर
मुहांसों वाली त्वचा के लिए केसर काफी लाभदायक होता है। इससे छुटकारा पाने के लिए केसर और दालचीनी के पाउडर को गर्म पानी में भिगगो दें और इस चाय को शहद के साथ पिएं। यह फेफड़े को डिटॉक्सीफाई करता है, साथ ही त्वचा की प्रतिरोधक क्षमता को भी बढ़ाता है। इसके अलावा केसर की कुछ किस्मों को मुल्तानी मिट्टी और चंदन पाउडर के साथ मिलाकर उसका पैक बनाएं और उसे मुंहासों पर लगाएं।