Thyroid Symptoms: खराब जीवन-शैली और अनहेल्दी खानपान के कारण कई लोग  थायरॉयड की बीमारी से ग्रस्त हो रहे हैं। थायरॉयड ग्लैंड गर्दन में एडम्स ऐप्पल के पास होती है, जिसका आकार तितली के सामान होता है। इस ग्लैंड से थायरॉक्सिन नामक हार्मोन निकलता है जिससे शरीर की एक्टिविटीज को सुचारू रूप से चलाने में मदद मिलती है। पर अगर किसी व्यक्ति में थायरॉइड ग्लैंड ज्यादा या कम मात्रा में ये हार्मोन पैदा करने लगता है तो उस स्थिति को थायरॉइड कहते हैं। पुरुषों की तुलना में महिलाओं में ये बीमारी अधिक देखने को मिलती है। थायरॉयड के मरीजों के शरीर में कई तरह के बदलाव आते हैं जिनमें समय से पहले मेनोपॉज होना भी शामिल है।

समय से पहले मेनोपॉज: आम तौर पर 45 से 55 साल की उम्र में महिलाओं को मेनोपॉज यानि कि पीरियड्स बंद हो जाते हैं। लेकिन द इंस्टिट्यूट फॉर सोशल एंड इकोनॉमिक चेंज की एक सर्वे के अनुसार करीब 4 फीसदी महिलाओं में मेनोपॉज 29 से 34 साल की उम्र में ही हो जाता है। वहीं, 35 से 39 आयुवर्ग की महिलाओं में पीरियड्स होने का आंकड़ा 8 प्रतिशत है। कई महिलाओं में कम उम्र में ही पीरियड्स बंद होने का एक कारण थायरॉयड को भी माना जाता है। वैसी महिलाएं जो पहले से ही थायरॉयड से पीड़ित हैं, उनमें मेनोपॉज जल्दी होने का खतरा अधिक रहता है। वहीं, मेनोपॉज के बाद भी कई महिलाएं इस घातक बीमारी का शिकार बन जाती हैं।

मेटाबॉलिज्म को करता है प्रभावित: हाइपर थायरॉइड की बीमारी में लोगों का मेटाबॉलिज्म बुरी तरह से प्रभावित होता है जिससे कि भोजन को पचने में अधिक समय नहीं लगता। जल्दी भोजन पच जाने के वजह से इस बीमारी के मरीजों को बार-बार भूख लगती है। मेटाबॉलिज्म पर असर पड़ने के कारण कब्ज या फिर पेट खराब की समस्या होना भी थायरॉयड संकेत करता है। इस बीमारी के लक्षण महसूस होने पर आप थाइरॉयड से जुड़े टेस्ट करवा सकते हैं। थायरॉयड स्टिमुलेटिंग हार्मोन टेस्ट (TSH) इस बीमारी को पहचानने के लिए काफी सामान्य टेस्ट है।

नहीं झेल पाते हैं मौसम में बदलाव: अगर ज्यादा गर्मी या ठंड होने पर आपको दिक्कत का सामना करना पड़ता है या फिर बेचैनी बढ़ जाती है तो हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार एक बार थायरॉयड से जुड़े जांच जरूर करवाना चाहिए। इस बीमारी का एक लक्षण ये भी है कि इससे पीड़ित मरीजों को मौसम में बदलाव होने पर कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। हाईपो थॉयरायडिज्म के मरीजों को न तो ज्यादा ठंड बर्दाश्त होती है और न ही अधिक गर्मी।