Thyroid Symptoms: पहले थायरॉयड को बढ़ती उम्र में होने वाली बीमारियों में गिना जाता था लेकिन अब युवा भी इसका शिकार हो रहे हैं। खराब जीवन-शैली और अनहेल्दी खानपान के कारण थायरॉयड बीमारी आज के समय में बहुत ही आम बन चुकी है। अक्सर लोग ऐसा सोचते हैं कि थायरॉयड बीमारी महिलाओं को ही अपनी चपेट में लेती है। लेकिन पुरुष और बच्चे भी इस बीमारी की चपेट में आ सकते हैं। थायरॉयड को ‘साइलेंट किलर’ कहते हैं क्योंकि इसके लक्षणों की पहचान जल्दी नहीं हो पाती है। आइए जानते हैं विस्तार से –

जानें क्या है थायरॉयड ग्लैंड: थायरॉयड ग्लैंड लोगों के शरीर का एक बेहद अहम हिस्सा है जो हार्मोंस बनाने के लिए जिम्मेदार है। इसके अलावा, शरीर में मेटाबॉलिज्म बढ़ाने में भी ये ग्लैंड बहुत मदद करता है। वहीं, दिल के सुचारु रूप से काम करने में भी इस ग्लैंड का योगदान अहम है। इसके अलावा, थायरॉयड ग्लैंड पाचन क्रिया, मसल कंट्रोल और मस्तिष्क के विकास में भी मददगार है। वहीं, इस ग्लैंड का एक कार्य हड्डियों को मजबूती प्रदान करना भी है।

पुरुषों में थायरॉयड की बीमारी: बदलती जीवन शैली और गलत खानपान के कारण पुरुषों में भी थायरॉयड की परेशानी देखने को मिलती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार इसका प्रभाव से उनके प्रजनन क्षमता पर असर पड़ता है। यही नहीं, पुरुषों में तेजी से वजन में बढ़ोतरी और गिरावट भी थायरॉयड का एक लक्षण है।

जानिये इसके लक्षण: पुरुषों में थायरॉयड के मुख्य तौर पर कुछ लक्षण दिखाई दे सकते हैं। इस वजह से अवसाद या डिप्रेशन की परेशानी लोगों को हो सकती है। इसके अलावा, थायरॉयड के मरीजों को कमजोरी भी महसूस हो सकती है। साथ ही, उनका पल्स रेट भी काफी स्लो हो जाता है। मांसपेशियों में दर्द, कब्ज, शरीर में सूजन, ठंड लगना, नींद कम या ज्यादा आना भी इस बीमारी के लक्षण हो सकते हैं।

कैसे करें बचाव: दवा के साथ ही इन मरीजों को अपने लाइफस्टाइल का भी खास ख्याल रखना चाहिए। थायरॉयड के मरीजों को खाने-पीने को लेकर कोई कोताही नहीं बरतनी चाहिए। ड्राय फ्रूट्स खाएं, सेलेनियम और आयोडीन युक्त भोजन करें और चाय-कॉफी के सेवन से बचें। साथ ही, योग-प्राणायाम और चलने-टहलने को बढ़ावा दें।