गर्मी का मौसम अपने साथ कई तरह की परेशानियां लेकर आता है। हालांकि, इन तमाम परेशानियों के बीच एक चीज जिसके लिए हर कोई गर्मी का इंतजार बेसबरी से करता है, वो है आम। आम का नाम सुनने भर से ही लोगों के मुंह में पानी आने लगता है। वहीं, इसकी एक रसीली बाइट मुंह के अंदर जाते ही लोग गर्मी में होने वाली तमाम तरह की समस्याओं को भूल जाने के लिए तैयार हो जाते हैं। शायद यही वजह है कि आम को फलों का राजा कहा जाता है। वैसे तो स्वाद से अलग आम के कई फायदे हैं। आम में फाइबर, आयरन, सोडियम, कैल्शियम, विटामिन ए, सी, पोटैशियम अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं। इसके अलावा आम का सेवन इम्यूनिटी को बूस्ट करने का काम करता है, साथ ही इससे आंतों की सेहत भी सुधरती है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि आम खाने के बाद अगर आप कुछ खास चीजों का सेवन करते हैं, तो ये आपकी सेहत को कई तरह से नुकसान पहुंचा सकता है? इस लेख में हम आपको ऐसी ही कुछ चीजों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें आम खाने के तुरंत बाद नहीं खाना चाहिए।
करेला:
अधिकतर लोग खाने के साथ आम खाना पसंद करते हैं। हालांकि, अगर आप खाने में करेले की सब्जी का सेवन कर रहे हैं, तो इसके साथ आम खाने की गलती बिल्कुल ना करें। इसके अलावा करेले से बनी किसी भी चीज को खाने के बाद आम ना खाने की सलाह दी जाती है। दरअसल, आम और करेला पेट में रिएक्शन कर सकते हैं जिसकी वजह से आपको उल्टी, दस्त या सांस लेने की परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
मसालेदार खाना:
करेले के अलावा अगर आप लंच या डिनर में कुछ मसालेदार खाना खा रहे हैं, तो भी आपको इसके साथ आम खाने से बचना चाहिए। मसालेदार खाने के साथ आम को खाने से सीने में जलन, पेट दर्द आदि की समस्या हो सकती है। इसके अलावा मसालेदार खाने और आम को साथ खाने का खराब असर आपकी त्वचा पर भी पड़ सकता है। इससे स्किन पर रैशेज की परेशानी हो सकती है।
दही:
आयुर्वेद के अनुसार, दही की तासीर ठंडी होती है जबकि आम गर्म तासीर का होता है। ऐसे में इन दोनों चीजों का सेवन एक साथ करने से या आम खाने के बाद दही को खाने से शरीर में कार्बन डाइऑक्साइड ज्यादा बनने लगती हैं। इससे भी आपको उल्टी, गैस, पेट दर्द, आदि का समस्या हो सकती है।
नॉनवेज:
अगर आप नॉनवेज के साथ या इसे खाने के बाद आम का सेवन करते हैं, तो ये भी आपको कई तरह से नुकसान पहुंचा सकता है। दरअसल, आम और नॉनवेज दोनों को ही हजम होने में अधिक समय लगता है। ऐसे में इनका एक साथ सेवन करने से अपच की समस्या हो सकती है।
पानी:
आम और पानी दोनों ही सेहत को कई फायदे पहुंचाते हैं। हालांकि, इन दोनों चीजों का एक साथ सेवन परेशानी का सबब बन सकता है। आम खाने के तुरंत बाद कभी भी पानी नहीं पीना चाहिए। ऐसा करने पर पाचन क्रिया पर बेहद खराब असर पड़ता है और आपको पेट में दर्द, गैस, सीने में जलन जैसी परेशानियां हो सकती हैं।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।