Calcium rich foods: हेल्दी रहने के लिए शरीर को सभी जरूरी पोषक तत्वों की जरूरत होती है, कैल्शियम भी इनमें से ही एक है। कैल्शियम एक महत्वपूर्ण तत्व है जो हमारी हड्डियों, मांसपेशियों और दांतों की मजबूती प्रदान करता है। इस पोषक तत्व की कमी से लोग हड्डी संबंधी बीमारियों के अलावा अन्य स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियों से भी घिर जाते हैं। कैल्शियम की कमी लोगों को हृदय रोग का मरीज भी बना सकती है। ऐसे में शरीर में कैल्शियम की आपूर्ति बेहद जरूरी है। मांसाहारी लोगों की तुलना में शाकाहार लेने वालों में इसकी कमी ज्यादा देखी गई है, आइए जानते हैं कि शाकाहारी फूड्स से ये कमी दूर हो सकती है –
बीज: आज के समय फ्लैक्स सीड्स से लेकर चिया सीड्स तक की बिक्री में काफी इजाफा हुआ है। इन छोटे आकार के बीजों को पोषक तत्वों का भंडार माना जाता है। ये किसी भी खाने का स्वाद तो बढ़ाते ही हैं, साथ ही स्वास्थ्यवर्धक भी सिद्ध होते हैं। खसखस, तिल और चिया सीड्स में कैल्शियम भरपूर मात्रा में मौजूद होता है। इसके अलावा, सूरजमुखी के बीज में भी ये पोषक तत्व प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। इनके सेवन से हड्डियां मजबूत होती हैं।
शकरकंद: इसे कैल्शियम का प्राकृतिक स्रोत माना जाता है। डाइट एक्सपर्ट के अनुसार एक बड़े आकार के शकरकंद में करीब 68 मिलीग्राम कैल्शियम होता है। इसके साथ ही इसमें विटामिन-ए, सी और पोटैशियम जैसे जरूरी तत्व भी मौजूद होते हैं। बता दें कि विटामिन सी की मदद से आंत कैल्शियम को बेहतर तरीके से अवशोषित कर पाता है।
साबुत अनाज: साबुत अनाज और दालों को कैल्शियम का बेहतरीन स्रोत कहते हैं। जिन लोगों के शरीर में इसकी कमी है वो बाजरा, रागी, कुलथी, गेहूं और सोयाबीन जैसे खाद्य पदार्थों का सेवन कर सकते हैं। साथ ही कैल्शियम की आपूर्ति के लिए राजमा, मोठ, मूंग दाल भी फायदेमंद है।
दूध के उत्पाद: इस बात से तो अधिकतर लोग परिचित होंगे कि दूध को कैल्शियम का अच्छा सोर्स माना जाता है। लेकिन इसके साथ ही, दूध से बने अन्य उत्पाद भी इस तत्व के बेहतरीन स्रोत होते हैं। घी, चीज, दही और छाछ खाने से शरीर में इसकी कमी नहीं होगी। वहीं, एक कप तोफु यानी पनीर में करीब 261-275 मिलीग्राम तक कैल्शियम पाया जाता है।