How to stop sneezing: कभी जुकाम तो कभी एलर्जी के कारण छींक आती है, पर इसे कंट्रोल करना बेहद मुश्किल होता है। ये कभी भी कहीं भी आ सकती है जो कई बार शर्मिंदगी का कारण भी बनती है। वहीं, छींक आने को शरीर के लिए अच्छा भी माना जाता है। बॉडी के लिए छींक रक्षात्मक प्रतिक्रिया की तरह काम करता है। जब भी कोई बैक्टीरिया हमारे नाक में प्रवेश करता है तब हमारा दिमाग उसकी प्रतिक्रिया देता है और छींक आती है। पर कई बार लगातार छीक आने से असुविधा व चिड़चिड़ाहट भी होती है। ऐसे में कुछ आयुर्वेदिक उपायों को आजमा कर आप छींक से तुरंत छुटकारा पा सकते हैं। आइए जानते हैं –

जिंक का भरपूर करें सेवन: विशेषज्ञ मानते हैं कि जब जुकाम या लगातार छींक होने लगे तो जिंक युक्त फूड खाना लाभकारी होगा। अगर आप इससे जल्दी छुटकारा पाना चाहते हैं तो जिंक सप्लीमेंट्स का सेवन भी कर सकते हैं। ये इम्युनिटी बढ़ाने में भी मददगार साबित होते हैं।दाल, सूखे मेवे, बीज जैसे किचन में पाए जाने वाले फूड्स जिंक से भरपूर होते हैं।

काली इलायची: छींक से छुटकारा पाने के लिए दिन में दो या तीन बार काली इलायची चबाएं। इससे छींक में काफी लाभ मिलता है। इसकी महक के साथ इसमें पाए जाने वाले एसेंशियल ऑयल बलगम की परेशानी दूर करते हैं। जानकार बताते हैं कि काली इलायची को चबाने मात्र से एलर्जी की परेशानी दूर हो जाती है।

आंवला: आंवला में एंटी-ऑक्सीडेंट्स और एंटी-बैक्टीरियल गुण प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। ये इम्युनिटी बढ़ाने में मददगार साबित होते हैं। रोजाना 2 या 3 आंवला खाने से छींकने की समस्या से निजात पाया जा सकता है। आप चाहें तो इसे कच्चा या फिर जूस के रूप में इसका सेवन कर सकते हैं।

तुलसी: तुलसी चिकित्सकीय गुणों का भंडार है। एक कप पानी में तीन-चार तुलसी की पत्तियां उबालकर पीने से सर्दी-जुकाम में काफी लाभ मिलता है। तुलसी में एंटी बैक्टीरियल प्रॉपर्टी होती है, जो खतरनाक संक्रमण से हमारी रक्षा करती है।

लहसुन: बेशक लहसुन के स्वाद व गंध के कारण कई लोग इसके सेवन से परहेज करते हैं, लेकिन एलर्जी या संक्रमण के खतरे को कम करने में लहसुन फायदेमंद होता है। इसमें एलिसिन पाया जाता है जो नेजल कंजेशन को दूर करने में मददगार है। आप इन्हें कच्चा या फिर घी में हल्का भुनकर खा सकते हैं।