Tips for Thyroid Patients: थायरॉइड की बीमारी आज के समय में बहुत ही आम हो गई है। आंकड़ों के अनुसार भारत में लगभग 42 मिलियन लोग थायरॉयड के मरीज हैं। इस बीमारी के 5 प्रकार होते हैं जिसमें से हाइपो थायरॉयड और हाइपर थायरॉयड के मामले सबसे अधिक देखने को मिलते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार देश में हर 10 में से 1 आदमी हाइपो थायरॉयडिज्म की चपेट में है। इस स्थिति में थायरॉयड ग्लैंड शरीर के लिए जरूरी मात्रा में थायरॉक्सिन हार्मोन पैदा नहीं कर पाता है।

पुरुषों की तुलना में महिलाओं को इस बीमारी के होने का 2 गुना ज्यादा खतरा होता है। 18 से 35 साल की महिलाएं, खासकर प्रेग्नेंट लेडीज को इस बीमारी से दूर रहने के लिए अपना विशेष ख्याल रखना चाहिए। लापरवाह जीवन-शैली और अनहेल्दी खानपान के कारण ज्यादातर लोग इस बीमारी से पीड़ित हो रहे हैं। ऐसे में ये जानना बहुत जरूरी है कि थायरॉयड से बचने के लिए किन चीजों से दूरी बना लेनी चाहिए-

हाइपो थायरॉयडिज्म के मरीज इनसे करें परहेज: हाइपोथायरॉइडिज्म की स्थिति में वजन बहुत तेजी से बढ़ता है जिससे लोग मोटापा से भी ग्रसित होते हैं। हालांकि, अपने खान-पान पर ध्यान देकर लोग इसे कंट्रोल कर सकते हैं। इस बीमारी में मरीजों को सोया से बने उत्पादों से बिल्कुल दूरी बना लेनी चाहिए। ज्यादा सोया खाने से हाइपो थायरॉइडिज्म का खतरा बढ़ता है। इसके अलावा, कॉफी का ज्यादा सेवन भी थायरॉयड के मरीजों के लिए नुकसानदेह हो सकता है। इसमें मौजूद कैफीन शरीर में थाइरॉक्सिन हार्मोन को एब्जॉर्ब होने में रुकावट पैदा करता है। इस बीमारी में लोगों को अधिक तली-भुनी चीजों को खाने से मना किया जाता है। वहीं, गोभी और ब्रोकली जैसी सब्जियों को भी थायरॉयड के मरीजों को नहीं खाना चाहिए क्योंकि इससे शरीर के कार्य-कलापों के लिए जरूरी आयोडीन की मात्रा में कमी आती है।

हाइपर थायरॉडिज्म के मरीजों के लिए ये हैं हानिकारक: हाइपर थायरॉयडिज्म में थायरॉयड ग्लैंड जरूरत से ज्यादा थायरॉक्सिन हार्मोन पैदा करता है जिससे हमारा मेटाबॉलिज्म प्रभावित होता है। साथ ही साथ, इस स्थिति में वजन अचानक से काफी कम हो जाता है। इस बीमारी में लोगों को एल्कोहल से दूरी बना लेनी चाहिए। इससे शरीर में ऊर्जा की मात्रा कम हो जाती है और हाइपर थायरॉयडिज्म का खतरा भी बढ़ता है। वहीं, सी फूड, रेट मीट, रिफाइंड फूड, पैकेटबंद खाना और दूध के अत्यधिक सेवन से भी मरीजों में परेशानियां बढ़ सकती हैं।