लहसुन औषधीय गुणों से भरपूर मसाला है जिसका सेवन सदियों से दवा के रूप में किया जा रहा है। लहसुन गुणों का खज़ाना है जिससे कई बीमारियों का इलाज किया जाता है। ज्यादातर लोग लहसुन का सेवन खाना पकाने में और दर्द का इलाज करने के लिए दवा के रूप में करते हैं। लहसुन में एलिसिन नामक यौगिक प्रचुर मात्रा में होता है, जो इसका स्वाद और सुगंध दोनों देता है। रोगाणुरोधी, एंटीऑक्सीडेंट और सूजन-रोधी गुणों से भरपूर लहसुन का सेवन करने से इम्युनिटी स्ट्रांग होती है और कई बीमारियों से बचाव भी होता है। लहसुन एक ऐसा मसाला है जो दिल को सेहतमंद रखने की ताकत रखता है। इसका सेवन करने से कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल रहता है और हार्ट हेल्दी रहता है।

कई बीमारियों में आराम देने वाले लहसुन का सेवन अक्सर लोग सुबह खाली पेट करते हैं ताकि दिन भर उनको ज्यादा दिक्कत नहीं रहे। अब सवाल ये उठता है कि लहसुन का सेवन सुबह खाली पेट किस तरह किया जाए। लोग लहसुन तो खाना चाहते हैं लेकिन उसकी सुगंध लोगों को बर्दाश्त नहीं होती ऐसे में उसे किस तरह खाया जाए ये मायने रखता है। लहसुन का पूरा फायदा पाने के लिए उसे निगलना चाहिए या चबाना चाहिए? आइए जानते हैं कि इस औषधी से बॉडी को कौन-कौन से फायदे होते हैं और इसका सेवन निगलकर या चबाकर किस तरह करना चाहिए।

लहसुन के फायदे

आयुर्वेदिक एक्सपर्ट स्वामी ध्यान नीरव के मुताबिक लहसुन सेहत के लिए बेहद लाभकारी है। ये हाई बीपी को कंट्रोल करता है। इसका सेवन करने से ब्लड शुगर नॉर्मल रहता है। लहसुन बॉडी के अंग-अंग में ताकत को भर देता है। इसका सेवन करने से सर्दी जुकाम का इलाज होता है। छाती में बलगम से परेशान हैं तो लहसुन का सेवन करें। लहसुन का सेवन फेफड़ों को मजबूत बनाता है और बॉडी को हेल्दी रखता है।

लहसुन का सेवन कोलेस्ट्रॉल को बॉडी से बाहर निकलता है और दिल के रोगों से बचाव करता है। किडनी को साफ करने में और किडनी को लम्बे समय तक ठीक रखने में लहसुन लाजवाब है। लहसुन का सेवन करने से रक्त की धमनियों की सफाई होती है और उसकी कठोरता कम होती है। इसका सेवन करने से यूरिन से जुड़ी परेशानियां दूर होती है।

लहसुन का सेवन कैसे करें

क्लीनिकल डायटीशियन गरिमा गोयल ने बताया कि औषधीय गुणों से भरपूर लहसुन का सेवन करने से मेटाबॉलिज्म बूस्ट होता है और नींद की क्वालिटी में सुधार होता है। इसका सेवन करने से वेट कंट्रोल रहता है। एक्सपर्ट के मुताबिक बॉडी को लाभ पहुंचाने के लिए लहसुन का सेवन 21 दिनों तक सोने से पहले चबाकर किया जाए तो कई बीमारियों से छुटकारा पाया जा सकता है।

लहसुन से सेहत के लिए पूरा फायदा लेने के लिए आप लहसुन को छीलकर उसे 10 मिनट तक रख दें। कुछ देर लहसुन को रखने से उसमें एलिसिन यौगिक सक्रिय हो जाता है जो सेहत को कई तरह से फायदा पहुंचाता है। आप लहसुन को सीधा पानी के साथ और चबाकर दोनों तरह खा सकते हैं।

लहसुन चबाने से एलिसिन जैसे लाभकारी यौगिक निकलते हैं, जिसमें रोगाणुरोधी और सूजन-रोधी गुण होते हैं। यह लहसुन के स्वाद और सुगंध को भी बढ़ाता है। लहसुन की कलियां पूरी निगलने से भी आपको स्वास्थ्य लाभ मिल सकता है। अधिक फायदा लेने के लिए आप लहसुन का सेवन चबाकर करें ज्यादा बेहतर है।