Tips for Arthritis Patients: फिटनेस फ्रीक लोग भी सर्दियां आने पर थोड़े से आलसी हो जाते हैं। इस मौसम का अधिकतर लोग अच्छे-अच्छे पकवान खाकर और रजाई में आराम करके आनंद उठाना चाहते हैं। हालांकि, गठिया से पीड़ित लोगों की समस्याएं ठंड के महीनों में बढ़ जाती है। अर्थराइटिस यानि कि गठिया में मरीजों को हाथ और पैरों में व जोड़ों में असहनीय दर्द होता है। बता दें कि शरीर में यूरिक एसिड के बढ़ जाने पर जोड़ों में दर्द और सूजन की परेशानी हो जाती है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार भारत में इस बीमारी के 1 करोड़ से भी अधिक मरीज हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक इस बीमारी के शुरुआती चरणों में अपनी जीवन-शैली में बदलाव लाकर और दवाइयों के नियमित सेवन से मरीजों की स्थिति में सुधार लाया जा सकता है।
सर्दियों में क्योंं बढ़ जाती है परेशानी: स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार ठंडे मौसम में मांसपेशियां अधिक हीट पैदा करती है जिससे मसल्स सिकुड़ने लगते हैं और कठोर हो जाते हैं। स्टिफ मसल्स से नसों पर अधिक दबाव पड़ता है और मांसपेशियों के चोटिल होने का खतरा होता है। एक्सपर्ट के अनुसार कुछ एक्सरसाइज जोड़ों को मजबूत करते हैं और शरीर में रक्त संचार को बेहतर बनाते हैं। आइए जानते हैं कौन से व्यायाम हो सकते हैं फायदेमंद –
स्ट्रेचिंग: आमतौर पर स्ट्रेचिंग को लोग उतनी अहमियत नहीं देते हैं। मगर मांसपेशियों को मजबूत करने में ये अहम भूमिका निभाते हैं। सर्दियों में स्ट्रेचिंग करने से जॉइंट्स मजबूत होते हैं। साथ ही, जोड़ों को ल्यूब्रिकेट करने और पॉश्चर को बेहतर करने में भी सक्षम है।
योग: गठिया की समस्या से निजात दिलाने में योग को कारगर माना जाता है। योग हमारे शरीर और मन को चुस्त – दुरुस्त बनाए रखने का बेहतरीन माध्यम है। वीरभद्रासन करने से अर्थराइटिस से छुटकारा मिलता है। वहीं, गोमुखासन करने से हाथ पैर की मांसपेशियों में चुस्ती बनी रहती है। दर्द में भी इस योग को करने से बहुत लाभ मिलता है। गठिया में विपरीतकर्णी आसन बहुत लाभदायक सिद्ध होता है, साथ ही तनाव को कम करने में ये सहायक होता है।
वॉकिंग: बढ़ती उम्र के साथ फिजिकल इनैक्टिविटी यानि कि शारीरिक असक्रियता ज्यादा हो जाती है। बड़े-बुजुर्गों को एक्सरसाइज करने में दिक्कत हो सकती है। ऐसे में आप टहलना शुरू कर सकते हैं। वॉकिंग करने से ब्लड फ्लो बेहतर होता है जिससे जोड़ों में ल्यूब्रिकेशन होता है।
साइकलिंग और एयरोबिक्स: स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक सर्दियों में दिन की शुरुआत साइकिल चलाकर या फिर एयरोबिक्स से करनी चाहिए। आधा घंटा भी इन दोनों में से कुछ करने पर बॉडी फिट रहती है। साथ ही, शरीर को गर्माहट मिलती है।