Tips for Strong Bones: हड्डियों का मजबूत होना हमारे जीवन भर के लिए जरूरी है। हड्डियां ही हमारे शरीर और मांसपेशियों का आधार होती हैं। अगर ये कमज़ोर हो जाएं और धीरे – धीरे खोखली होने लगे तो हम ऑस्टियोपोरोसिस नामक बीमारी से ग्रस्त हो जाते हैं। बता दें कि ये भी एक प्रकार का अर्थराइटिस ही है, जो कि शरीर में यूरिक एसिड की अधिकता के कारण बनता है। इसके पीछे हमारी खराब लाइफस्टाइल ज़िम्मेदार है।
साथ ही, आजकल लोग जंक फूड ज्यादा खाते हैं, शारीरिक गतिविधियां कम करते हैं और धूप में भी न के बराबर निकलते हैं। इन्हीं कुछ कारणों से हमारे शरीर में कैल्शियम, विटामिन आदि घटकों की कमी होने लगती है और हड्डियां कमज़ोर हो जाती हैं। हड्डियां को मजबूत बनाए रखने के लिए अपनी डाइट और एक्सरसाइज का ध्यान रख कर हम उन्हें स्ट्रॉन्ग और स्वस्थ बनाए रख सकते हैं। जानिये हड्डियों को मज़बूत बनाए रखने के लिए कुछ प्राकृतिक तरीके –
हाई कैल्शियम युक्त भोजन का सेवन करें – हमारे हड्डियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण घटक कैल्शियम है। चूंकि हमारे हड्डियों की पुरानी कोशिकाएं लगातार नष्ट होती रहती है और नई कोशिकाएं लगातार बनती रहती हैं, हमें नियमित कैल्शियम का सेवन करना चाहिए जिससे हड्डियों की संरचना और मजबूती बनी रहे। हमें दिन में हर बार भोजन करने के दौरान एक कैल्शियम युक्त फूड का सेवन करना चाहिए। आप आपने भोजन में दूध, हरी सब्जियों, मछलियों आदि को शामिल करें।
पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन लें – अध्ययनों में यह पाया गया है कि कम मात्रा में प्रोटीन लेने से शरीर के कैल्शियम अवशोषण की क्षमता कम होती है। हमारे हड्डियों का 50 प्रतिशत हिस्सा प्रोटीन से बना हुआ है। इसलिए स्वस्थ हड्डियों के लिए पर्याप्त प्रोटीन लेना जरूरी है। आप अपने भोजन में डेयरी उत्पाद, अंडे, चिकन, हर प्रकार की दाल आदि को शामिल करें। हालांकि, चिकन की केलजी खाने से बचें, साथ ही इस बात का ध्यान रखें कि इन फूड आइटम्स में प्यूरीन न मौजूद हो।
विटामिन D – हमारे हड्डियों की मजबूती के लिए विटामिन D बहुत ज़रूरी है। यह हमारे हड्डियों को मजबूत बनाकर हमें ऑस्टियोपोरोसिस और ऑस्टियोपेनिया जैसे रोगों से बचाता है। धूप सेकने से विटामिन D की पर्याप्त मात्रा हमें मिल जाती है। इसके अलावा मछली, और मशरूम का सेवन भी फायदेमंद होता है।
नियमित व्यायाम – हड्डियों को मजबूत बनाने के लिए आप वेट लिफ्टिंग करें, इससे हड्डियां मजबूत होती हैं। रोज़ सुबह उठकर एरोबिक्स करें यह हर उम्र के लोगों के लिए जरूरी है।
ढेर सारी सब्जियां खाएं – हर तरह की सब्जियां हमारे हड्डियों के लिए सही होती हैं। उनसे बोन डेंसिटी भी बढ़ती है। सब्जियां विटामिन C का अच्छा स्रोत होती हैं जो हड्डियों की कोशिकाओं की रक्षा करती हैं। हरी सब्जियां एंटी-ऑक्सीडेंट्स से भरपूर होती हैं जो हमारे हड्डियों की उम्र बढ़ा देती हैं।

