खराब लाइफस्टाइल और अनहेल्दी खानपान कई गंभीर बीमारियों का कारण बनता है। इन्हीं में से एक है बॉडी में कोलेस्ट्रॉल का अधिक बढ़ जाना। बढ़ता हुआ कोलेस्ट्रॉल हमारे शरीर का दुश्मन है, इससे खून की नसों में प्लाक जमने लगता है जो आगे चलकर हार्ट अटैक और स्ट्रोक जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारियां का कारण बन सकता है। ऐसे में समय रहते इसे कंट्रोल करना बेहद जरूरी हो जाता है। हालांकि, कई लोग जानकारी के अभाव में इस गंभीर समस्या को समझ नहीं पाते हैं और समय रहते इसका इलाज कराने से चूक जाते हैं। ऐसे में इस लेख में हम आपको शरीर में नजर आने वाले कुछ ऐसे लक्षणों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो हाई कोलेस्ट्रॉल की ओर इशारा करते हैं। इन लक्षणों को पहचानकर आप कोलेस्ट्रॉल की समस्या से समय रहते निजात पा सकते हैं।

इससे पहले जान लेते हैं कि आखिर कोलेस्ट्रॉल क्या है?

कोलेस्ट्रॉल वसा या मोम जैसा एक चिपचिपा पदार्थ है जिसका निर्माण हमारे लिवर में होता है, ये हेल्दी सेल्स को बनाने में मदद करता है। साथ ही कुछ हार्मोन और विटामिन डी बनाने के लिए भी महत्वपूर्ण है। कोलेस्ट्रॉल दो तरह का होता है। पहला एलडीएल कोलेस्ट्रॉल और दूसरा एचडीएल कोलेस्ट्रॉल। एलडीएल कोलेस्ट्रॉल को शरीर के लिए गंदा और हानिकारक माना जाता है जबकि एचडीएल कोलेस्ट्रॉल अच्छा होता है और शरीर के कई कामकाज में सहायक है। ज्यादा ऑयली और अनहेल्दी फूड खाने से बॉडी में एलडीएल कोलेस्ट्रॉल बढ़ने लगता है जो धीरे-धीरे नसों के अंदरूनी हिस्सों में जमकर ब्लड सर्कुलेशन को प्रभावित करने लगता है। इसका हाई लेवल शरीर के किसी भी भाग की धमिनयों को ब्लॉक कर देता है। वहीं, खून का रुकना हार्ट अटैक, हार्ट फेलियर, स्ट्रोक और पैरालाइसिस का कारण बन जाता है। इसी कड़ी में समय रहते इसकी पहचान और सही इलाज कराना बेहद जरूरी है।

बॉडी में दिखें ये लक्षण तो हो जाएं सतर्क

शरीर में कोलेस्ट्रॉल की मात्रा बढ़ जाने पर आपको विभिन्न प्रकार के लक्षण दिखाई देते हैं। जैसे-

स्किन बदलने लगे रंग

अगर आपको अपनी स्किन का रंग कुछ बदला-बदला नजर आ रहा है, तो ये नसों में ब्लड सर्कुलेशन की कमी और रुकावट के कारण हो सकता है। खून की गति प्रभावित होने पर ही ऐसे लक्षण दिखाई देते हैं। खासकर शरीर के निचले हिस्सों में ये अधिक देखने को मिलता है। ऐसे में स्किन में दिखने वाले इन बदलावों को बिल्कुल नजरअंदाज न करें। ये हाई कोलेस्ट्रॉल के चलते हो सकते हैं।

आंखों में दिखते हैं ये लक्षण

हाई कोलेस्ट्रॉल का प्रभाव आपकी आंखों पर भी देखने को मिलता है। ऐसे में पीड़ित को धुंधला दिखाई देना, आंखों के पास पीले धब्बे पड़ जाना या आंखों में पीड़ा होना जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

पैरों में बार-बार ऐंठन होना

शरीर के निचले अंगों, खासकर एड़ी और पैर की उंगलियों में ऐंठन की समस्या भी हाई कोलेस्ट्रॉल के चलते हो सकती है। इसके अलावा अगर आपको अपने पैरों में गंभीर दर्द के साथ भारीपन महसूस हो रहा है, तो आपको तुरंत कोलेस्ट्रॉल लेवल की जांच करानी चाहिए।

सीने में तेज दर्द

अगर, आपको अचानक चेस्ट पेन होने लग जाए, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। बॉडी में बहुत अधिक मात्रा में कोलेस्ट्रॉल के होने के चलते ऐसा हो सकता है। वहीं, इसे नजरअंदाज करना सेहत पर भारी पड़ सकता है।

तेजी से वजन बढ़ना

इन सब के अलावा अगर आपका वजन तेजी से बढ़ रहा है, तो समझ जाएं कि ऐसा बैड कोलेस्ट्रॉल में इजाफे के कारण हो रहा है। इस लक्षण को बिलकुल भी नजरअंदाज न करें। इसके लिए फिजिकल एक्टिविटी बढ़ाना बेहद जरूरी है।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।