World Heart Day 2023: दिल को सेहतमंद रखना है तो दिल का ख्याल दिल से रखना होगा। दिल हमारी बॉडी का अहम हिस्सा है जिसकी हेल्थ का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। खराब लाइफस्टाइल, खराब डाइट,जंक फूड्स का अधिक सेवन,अधिक मसालेदार फूड्स का सेवन दिल की सेहत के लिए खतरा है। दिल के रोगों के लिए आनुवंशिकी कारण भी जिम्मेदार है। हाई ब्लड प्रेशर की वजह से दिल पर ज्यादा दबाव पड़ता है और दिल के रोगों का खतरा भी बढ़ता है। मोटापा भी दिल के रोगों का कारण बनता है।

दिल की सेहत खराब होने पर बॉडी में कई तरह के लक्षण दिखने लगते हैं। अगर समय पर लक्षणों की पहचान की जाए तो बड़ा हादसा होने से बचा जा सकता है। दिल की कई बीमारियों का उपचार लाइफस्टाइल और खान-पान में बदलाव करके किया जा सकता है। हृदय रोग के लक्षण हृदय रोग के प्रकार पर निर्भर करते हैं।

दिल की बीमारी में एक या अधिक हृदय की धमनियां अवरुद्ध हो जाती हैं। यह परेशानी आमतौर पर कोलेस्ट्रॉल जमा होने के कारण होती है जिसे प्लाक कहा जाता है। ये प्लाक धमनियों को सिकुड़ सकता है, जिससे दिल में रक्त का प्रवाह कम हो सकता है। ब्लड सर्कुलेशन का रुक जाना ही हार्ट अटैक का मुख्य कारण होता है। हार्ट अटैक की इस परेशानी से बचना है तो उसके लक्षणों को बॉडी में पहचानना होगा।

हार्ट की बीमारी होने पर बॉडी में उसके लक्षण काफी समय पहले दिखने लगते हैं। दिल के रोग होने पर अंदरूनी परेशानियों के साथ ही पैरों में भी इस बीमारी के लक्षण दिखने लगते हैं। आइए जानते हैं कि दिल के रोगों के लक्षणों की पहचान कैसे करें।

दिल के कौन कौन से रोग होते हैं?

हृदय रोग जिनमें रक्त वाहिका रोग जैसे कोरोनरी धमनी रोग, एनजाइना, दिल का दौरा, स्ट्रोक और जन्मजात हृदय दोष शामिल हैं।

दिल की बीमारी के लक्षण

दिल की बीमारी होने पर जो लक्षण सबसे पहले सामने आते हैं उनमें सीने में दर्द होना,सांस का तेजी से फूलना, बांह और कंधे में दर्द होना और कमजोरी शामिल हैं। दिल की बीमारी होने पर बॉडी में ये लक्षण कुछ दिन पहले,कुछ सप्ताह पहले या फिर कुछ घंटे पहले भी दिख सकते हैं।

छाती में और सीने में दर्द होना दिल की बीमारी के लक्षण हो सकते हैं।

सीने में जकड़न होना और सांस लेने में दिक्कत होना भी दिल के रोगों के लक्षण हैं।

गर्दन, जबड़े, गले और पेट में दर्द होना भी दिल के रोगों का लक्षण हैं।

पैरों में दिखते हैं दिल के रोग के लक्षण

दिल की बीमारी होने पर पैरों में भी उसके लक्षण दिखते हैं। पैरों की मांसपेशियों में दर्द रहता है,मांसपेशियों में थकान और बेचैनी होती है। पैरों में जलन और सूजन का होना भी दिल के रोगों के लक्षण हैं। अगर पैरों में इस तरह के लक्षण बार-बार दिखें तो आप तुरंत दिल के डॉक्टर से जांच कराएं।