आम का पना गर्मियों के दिनों का सबसे लोकप्रिय पेय पदार्थ है। कच्चे आम से बनने वाला पना कई तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से निजात दिलाने में मददगार होता है। चिलचिलाती गर्मियों में आम का पना पीने से शरीर को अंदर से ठंडक मिलती है। यह शरीर को हाइड्रेटेड रखता है और शरीर के लिए आवश्यक इलेक्ट्रोलाइट्स की आपूर्ति करता है। इन सबके अलावा भी आम का पना पीने के ढेर सारे फायदे होते हैं। आज हम उन्हीं फायदों के बारे में आपको बताने वाले हैं।
दिल की सेहत लिए – गर्मियों में हम पसीने के रास्ते शरीर से काफी मात्रा में सोडियम बाहर निकाल देते हैं। ऐसे में आम का पना पीने से शरीर में सोडियम का संतुलन बना रहता है। शरीर में जब ज्यादा मात्रा में सोडियम की कमी होती है तो इससे सीधे दिल को खतरा होता है। इससे स्ट्रोक्स और दिल का दौरा पड़ने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में आम का पना इस समस्या से निपटने में आपकी मदद कर सकता है।
पोषक तत्वों का भंडार – एक गिलास पना में कैल्शियम, मैग्नीशियम, आयरन, विटामिन ए और विटामिन सी पर्याप्त मात्रा में पाया जाता है। ये सभी कंपाउंड्स प्रतिरक्षा तंत्र को दुरुस्त रखने में मददगार होते हैं। स्किन की सेहत के लिए भी आम का पना बेहद लाभकारी है।
आंखों के लिए – कच्चे आम में विटामिन ए भरपूर मात्रा में होता है। विटामिन ए आंखों के लिए जरूरी विटामिन है। यह आंखों को रतौंधी, ड्राई आईज सहित कई समस्याओं से बचाने में मदद करता है। ऐसे में हर रोज आम का पना पीने से आंखों की सेहत दुरुस्त रहती है।
डायबिटीज रोकने में मददगार – आम का पना शरीर में इंसुलिन के स्तर को सामान्य रखता है। साथ ही इसका ग्लाइकेमिक इंडेक्स भी काफी कम होता है। ऐसे में यह डायबिटीज रोकने में मददगार होता है। लेकिन इसका सेवन भी संतुलित मात्रा में ही करना चाहिए।
कब्ज से राहत – कच्चे आम में साल्यूबल फाइबर होता है जो पाचन में मदद करता है। इसके अलावा इसमें ईस्टर, एल्डिहाइड जैसे तत्व भी पाए जाते हैं। ये पाचन तंत्र की बेहतरी के लिए काम करते हैं और कब्ज रोकने का काम करते हैं।

