Egg Yolk Benefits: प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए अधिकतर लोग अंडा खाना पसंद करते हैं। ज्यादातर लोग केवल अंडे का सफेद हिस्सा खाते हैं, क्योंकि ऐसा कहा जाता है कि अंडे को जर्दी के साथ खाने से फैट बढ़ता है। इसलिए अंडे के सफेद हिस्से को लोग अधिक खाते हैं। हालांकि, ह्रदय रोग विशेषक डॉ. आलोक चोपड़ा का मानना कुछ और है। उन्होंने दावा किया कि अंडे का सफेद हिस्सा सूजन पैदा करने वाला प्रोटीन होता है।
‘अंडे का सफेद भाग सूजन पैदा करने वाला प्रोटीन’
हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. आलोक चोपड़ा ने एक इंस्टाग्राम वीडियो में दावा किया कि अंडे का सफेद भाग एक सूजन पैदा करने वाला प्रोटीन है। जो आपके लिए अच्छा नहीं है। उन्होंने कहा कि अंडे को जर्दी के साथ मिलाने पर ही यह संपूर्ण भोजन बनता है। डॉ. आलोक चोपड़ा का कहना है कि अंडे सबसे पौष्टिक पदार्थों में से एक है। अंडे की जर्दी को कोलेस्ट्रॉल की मात्रा के कारण खराब माना गया है, लेकिन वास्तव में इसमें अधिकांश पोषक तत्व होते हैं। अंडे की जर्दी में विटामिन ए, ई और ओमेगा 3 फैटी एसिड की मात्रा काफी अधिक होती है।
उन्होंने कहा कि कोलेस्ट्रॉल के बारे में भी गलत समझा जाता है। यह वास्तव में कोशिका संरचना, हार्मोन वृद्धि, मस्तिष्क स्वास्थ्य और प्रतिरक्षा प्रणाली को बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण है। डॉ. चोपड़ा ने कहा कि आपका शरीर अपने आहार से 85 प्रतिशत कोलेस्ट्रॉल का उत्पादन करता है। तो सोचिए, अगर शरीर इसे अपने आप बनाता है, चाहे आप कुछ भी खा रहे हों, तो यह आपके लिए कैसे बुरा हो सकता है?
क्या कहते हैं अन्य विशेषज्ञ
वहीं, कंसल्टेंट सर्जिकल गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट और एडवांस लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. नादेंदला हजारथैया ने कहा कि अंडे का सफेद भाग ज्यादातर लोगों के लिए सूजन पैदा करने वाला नहीं माना जाता है। उन्होंने कहा कि यह उच्च गुणवत्ता वाले प्रोटीन का एक स्रोत है, जिसमें आवश्यक अमीनो एसिड होते हैं। जबकि कैलोरी, कोलेस्ट्रॉल और वसा कम होती है।
धर्मशिला नारायण अस्पताल के गैस्ट्रोएंटरोलॉजी के वरिष्ठ कंसल्टेंट डॉ. महेश गुप्ता ने कहा कि ज्यादातर लोगों के लिए अंडे का सफेद भाग स्वाभाविक रूप से सूजन पैदा करने वाला नहीं होता है, जबकि यह एक स्वस्थ आहार का हिस्सा है। इसमें राइबोफ्लेविन और सेलेनियम जैसे आवश्यक पोषक तत्व होते हैं, जो विभिन्न शारीरिक कार्यों के लिए लाभकारी होते हैं। हालांकि, अंडे का सफेद भाग एलर्जी या सेंसिटिव लोगों के लिए वास्तव में सूजन प्रतिक्रिया को ट्रिगर कर सकता है।
डॉ. हजारथैया के अनुसार, अंडे के सफेद भाग में ओवलब्यूमिन और ओवोम्यूकोइड जैसे प्रोटीन होते हैं, जो सेंसिटिव लोगों में एलर्जी का कारण बन सकते हैं।