पोषक तत्वों से भरपूर फूड्स का सेवन अच्छी सेहत के लिए बेहद जरूरी होता है। लेकिन किसी भी फूड को खाते हुए आपको उसके बारे में जानकारी जरूर रखनी चाहिए। पौष्टिक खाद्य पदार्थों से हमें पोषक तत्व तो मिलते हैं लेकिन अगर उन्हें सावधानी से न खाया जाए तो वे सेहत के लिए नुकसानदेह भी हो सकते हैं। बिना ध्यान दिए कुछ भी खा लेना आपके लिए घातक भी हो सकता है। आज हम आपको कुछ ऐसे फूड्स के बारे में बताने वाले हैं जिनका सेवन करने से पहले आपको खास सावधानी बरतनी चाहिए। आइए, जानते हैं कि वे फूड्स कौन-कौन से हैं।

सेब के बीज – सेब का सेवन स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होता है लेकिन इसके बीज आपके स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होते हैं। कभी भी सेब के बीज का सेवन नहीं करना चाहिए क्योंकि इसमें सायनाइड नामक यौगिक होता है। जिसकी वजह से उल्टी, चक्कर आना और ब्लड प्रेशर की समस्या होती है।

मशरुम – कई लोगों को मशरुम काफी पसंद होता है। लेकिन हर मशरूम का सेवन नहीं किया जा सकता है। ऐसा इसलिए, क्योंकि मशरुम की कुछ प्रजातियों जैसे वेबकैप, फिलारिस और कोनोसाइबी में जहर होता है जो आपके लिए हानिकारक हो सकता है।

मूंगफली – मूंगफली का सेवन करना सभी को पसंद होता है। मगर कई लोगों को इससे एलर्जी भी होती है। मूंगफली का सेवन करने से पहले आपको पता होना चाहिए कि आपको इससे एलर्जी तो नहीं है। इसकी वजह से आपको एनाफिलेक्सिस एलर्जी हो सकती है। जिसकी वजह से आपके सांस लेने वाली नली बाधित हो जाती हैं और व्यक्ति बेहोश हो सकता है।

आलू – आलू का इस्तेमाल हर तरह की सब्जी बनाने में किया जा सकता है। इस वजह से लोग आलू का सेवन सबसे ज्यादा करते हैं। आलू के तने और पत्तियां जहरीली हो सकती हैं। इसलिए हरे आलू का सेवन नहीं करना चाहिए यह आपके लिए हानिकारक हो सकता है।

शैलफिश – कई लोगों को शैलफिश से एलर्जी होती है। अगर आपको इससे एलर्जी है तो यह आपके लिए हानिकारक हो सकती है। शैलफिश की वजह से एनाफिलेक्सिस एलर्जी हो सकती है। जिसके लक्षण, गले में सूजन, चक्कर आना आदि होते हैं।