Delhi Election Results 2020, Manoj Tiwari, Manoj Tiwari Health, Manoj Tiwari Fitness Tips: दिल्ली के भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी के नाम से लगभग हर कोई परिचित है। राजनीति के अलावा, बेहतरीन भोजपुरी गायक और एक्टर मनोज (Manoj Tiwri)तिवारी तमाम व्यस्तताओं के बाद भी अपनी फिटनेस के प्रति बेहद सजग हैं। उनके अनुसार 1 लाख लोगों को बेहतर इलाज देने से अच्छा है 1 करोड़ लोगों का स्वस्थ रहना। वहीं, बैलेंस्ड डाइट के साथ ही वो मौसमी फल और सब्जियों का सेवन करते हैं। इंडिया टीवी को दिए एक इंटरव्यू में मनोज तिवारी ने बताया कि वो खुद को फिट और तनाव से मुक्त रहने के लिए क्या करते हैं।
सुबह की शुरुआत टहलने के साथ: मनोज तिवारी सुबह उठने के बाद अपने घर में ही बने लॉन में चक्कर लगाते हैं। उन्होंने बताया कि वो तकरीबन आधे घंटे तक चक्कर लगाते हैं। सिर्फ समतल जमीन पर ही नहीं बल्कि उबड़-खाबड़ जगहों पर भी टहलने की सलाह देते हैं मनोज तिवारी। उनके अनुसार, शरीर के किसी भी हिस्से में जब दर्द उठता है, उसके बाद ही लोगों को मॉर्निंग वॉक का महत्व समझ में आता है। इसलिए नियमित रूप से टहलना चाहिए ताकि लोग खुद को स्वस्थ रख सकें। वॉक के साथ ही वो कुछ देर जॉगिंग भी करते हैं।
ट्रेडमिल पर चलें पैदल: टहलने के बाद मनोज तिवारी ट्रेडमिल पर समय बिताते हैं। उनके अनुसार, ट्रेडमिल पर दौड़ने से घुटने का दर्द बढ़ सकता है, इसलिए इस पर आराम से चलना चाहिए। ट्रेडमिल पर चलने से कितनी कैलरीज बर्न हुईं इसका भी अंदाजा लग जाता है। इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि वो रोज 150 कैलरीज बर्न करते हैं। इसके अलावा, वो अनुलोम-विलोम और कपाल भारती जैसे व्यायाम भी करते हैं। उनके अनुसार रोज 10 मिनट भी कपाल भारती कर लेने से डाइबिटीज के मरीजों को बहुत आराम मिल सकता है।
खेल-कूद है जरूरी: मनोज तिवारी क्रिकेट के भी बहुत बड़े प्रशंसक हैं। मौका मिलने पर वो हमेशा क्रिकेट खेलते हैं। इसके साथ ही वो रोज नॉकिंग भी करते हैं। वो बताते हैं कि इससे कॉन्सनट्रेशन बढ़ता है, साथ ही आंखों का एक्सरसाइज भी हो जाता है। वो बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी भी करते हैं। उनके अनुसार, जब तक आप फिट नहीं रहेंगे तब तक आप क्रिकेट में बैलेंस नहीं कर पाएंगे। इससे शारीरिक फिटनेस के साथ मेंटल फिटनेस भी आती है।
संगीत और फिटनेस: मनोज तिवारी बताते हैं कि संगीत रिलैक्सेशन का एक बेहतरीन जरिया है। उनके अनुसार, गाना सुनने से कई बीमारियों का इलाज हो जाता है। इसके अलावा, कई लोग एक्सरसाइज करते वक्त गाना सुनना पसंद करते हैं। उन्होंने आगे कहा, “आर्टिस्ट होने के नाते संगीत से मेरा इलाज भी होता है और रियाज भी होता है।”