दिल को हेल्दी रखना बेहद जरूरी है। खराब डाइट, बिगड़ता लाइफस्टाइल और तनाव दिल की सेहत को बिगाड़ रहा है। डाइट में जंक फूड, हेल्दी फैट और नमक वाला भोजन दिल की सेहत को नुकसान पहुंचाता है। दिल के रोगों को बढ़ाने में कई कारण जिम्मेदार हैं जैसे शारीरिक गतिविधियों में कमी होना, अधिक देर बैठकर काम करना, मोटापा, लम्बे समय तक बैठकर काम करना दिल के रोगों को दावत देता है। दिल की बीमारी होने पर बॉडी में जो लक्षण दिखते हैं उसमें सबसे पहले सीने में तेज दर्द का अनुभव करना है। यह दर्द अक्सर सीने के बीच या बाएं हिस्से में महसूस होता है। कई बार इसे दबाव, कसाव, या भारीपन जैसा अनुभव भी कहा जाता है। ये दर्द कुछ मिनटों तक रहता है और कभी-कभी लंबे समय तक भी रह सकता है।
- लेकिन आप जानते हैं कि हार्ट से जुड़ी किसी भी परेशानी में सिर्फ सीने में ही दर्द नहीं होता बल्कि बॉडी में और भी कई लक्षण दिखते हैं जैसे
- सांस लेने में कठिनाई या सांस फूलना
- बेचैनी या घबराहट का अनुभव
- पसीना आना
- मतली या उल्टी महसूस होना
- चक्कर आना या बेहोशी जैसा लगना शामिल है।
अधिकतर लोग समझते हैं कि दिल से जुड़ी समस्याओं की शुरुआत सीने में दर्द से होती है, लेकिन ये ठीक नहीं है। एमडी, कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. दिमित्री यारानोव ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट को शेयर करके दिल के रोगों से जुड़े कुछ लक्षण बताएं हैं जिन्हें अक्सर लोग नजरअंदाज कर देते हैं। डॉ. यारानोव ने हृदय रोग के 5 सबसे अजीब और आमतौर पर नजरअंदाज किए जाने वाले चेतावनी संकेत साझा किए हैं, जो यह दर्शाते हैं कि आपका दिल किसी परेशानी में हो सकता है। अगर आप इनमें से कोई भी संकेत अनुभव कर रहे हैं तो अपने डॉक्टर से ज़रूर बात करें। आइए जानते हैं कि दिल से जुड़ी बीमारी के बॉडी में कौन-कौन से लक्षण दिखते हैं।
दांत या जबड़े में दर्द होना
अगर आपको जबड़े या दांतों में दर्द हो रहा है तो यह दिल से जुड़ा दर्द भी हो सकता है। ये परेशानी खासतौर पर महिलाओं को होती है। अक्सर लोग इसे दांत की समस्या समझ लेते हैं, लेकिन यह एनजाइना या हार्ट अटैक का संकेत भी हो सकता है। दांत और जबड़े के दर्द को नजरअंदाज न करें और तुरंत डॉक्टर को दिखाएं। क्योंकि यह दिल की गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है।
पैरों में सूजन
पैरों में सूजन दिल में होने वाली किसी तरह की परेशानी का संकेत हो सकता है। अगर आपका दिल सही तरीके से खून पंप नहीं कर पा रहा है तो आपके पैरों में सूजन हो सकती है। कार्डियोलॉजिस्ट के अनुसार इस स्थिति में शरीर के निचले हिस्सों में तरल पदार्थ जमा हो जाता है, जिससे सूजन होती है। यह सूजन खासकर रात के समय ज्यादा बढ़ सकती है, इसलिए इसे गंभीरता से लेना चाहिए और तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए।
सांस लेने में तकलीफ होना
अगर लेटते समय सांस लेने में तकलीफ होती है तो इसे ऑर्थोप्निया कहते हैं। यह अक्सर कंजेस्टिव हार्ट फेल्योर का लक्षण होता है। अगर आपको सांस लेते समय परेशानी होती है और रात को सोने में दिक्कत होती हैं तो आप तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।
ठंडा पसीना आना और मतली होना
कार्डियोलॉजिस्ट के अनुसार ठंडा पसीना और मतली अक्सर साइलेंट हार्ट अटैक के संकेत होते हैं। पसीने के साथ मरीज को थकान, चक्कर या तनाव भी हो सकता है।
इरेक्टाइल डिसफंक्शन
कार्डियोलॉजिस्ट ने बताया कि इरेक्टाइल डिसफंक्शन दिल की बीमारी का अक्सर अनदेखा किया जाने वाला लक्षण हैं। एक्सपर्ट के मुताबिक पेनिस तक ब्लड पहुंचाने वाली धमनियां कोरोनरी धमनियों से छोटी होती हैं। इरेक्टाइल डिस्फंक्शन की समस्या दिल के रोगों का लक्षण हो सकता है।
साइलेंट किलर है Fatty Liver डिजीज, लिवर पर चर्बी जमा होने पर शरीर में दिखते हैं ये 7 संकेत, नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी। आप भी फैटी लिवर होने पर बॉडी में दिखने वाले लक्षणों को समझना चाहते हैं तो लिंक पर क्लिक करें।
