Fatty Liver Remedy: शरीर का दूसरा सबसे बड़ा और प्रमुख अंग होता है लिवर जो बॉडी को हेल्दी रखने में अहम भूमिका निभाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक लिवर खाना पचाने, एनर्जी स्टोर करने और टॉक्सिक पदार्थों को शरीर से बाहर निकालने का कार्य करता है। ऐसे में इसका स्वस्थ रहना बहुत आवश्यक होता है।
हेपेटिक स्टीएटोसिस जिसे आम भाषा में फैटी लिवर कहते हैं, खराब जीवन शैली के कारण होने वाली एक आम बीमारी है। इस स्थिति में लिवर के आकार में बदलाव आता है, या तो सूजन हो जाती है अथवा लिवर सिकुड़ जाता है। हेल्थ एक्सपर्ट्स मानते हैं कि इस बीमारी को ठीक करने के लिए मरीजों को अपना खानपान सुधार लेना चाहिए। साथ ही, कुछ घरेलू उपाय भी इस परेशानी से राहत पाने में मददगार साबित होते हैं।
फैटी लिवर कम करने में छाछ: मौसम चाहे कोई भी हो प्यास बुझाने के लिए छाछ पीना अधिकतर लोगों को पसंद होता है। इसमें जीरा और काला नमक मिलाने के बाद स्वाद निखरकर सामने आता है। लेकिन क्या आप इसके स्वास्थ्य फायदों के बारे में जानते हैं? छाछ यानी मट्ठा लिवर को सक्रिय रखने में भी असरदार साबित होते हैं। आइए जानते हैं कैसे –
लिवर से कम होती है वसा की मात्रा: एक शोध के अनुसार बटरमिल्क में प्रीबायोटिक्स होते हैं जो लिवर से फैट की मात्रा को कम करने में सहायक होता है। साथ ही, इसमें कूलिंग इफेक्ट्स होते हैं जो पेट और आंत को ठंडक प्रदान करता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक फैटी लिवर के मरीजों को खाना खाने के बाद छाछ पीना चाहिए। ऐसा करने से शरीर में अतिरिक्त फैट बर्न हो जाएगा।
वजन करता है कम: एक्सपर्ट्स के मुताबिक फैटी लिवर के प्रमुख कारणों में से एक मोटापा होता है। छाछ पीने से वजन कम करने में मदद मिलती है। इस पेय पदार्थ में उच्च मात्रा में प्रोटीन पाया जाता है। इसके सेवन से पेट लंबे समय तक भरा रहता है और लोग ओवरईटिंग से बच जाते हैं। इसमें राइबोफ्लेविन प्रचुर मात्रा में पाया जाता है जो लिवर को हेल्दी रखने में पूरी तरह मददगार साबित होता है।