बिगड़ता लाइफस्टाइल और खराब खान-पान जाने अनजाने में ही कई बीमारियों का शिकार बना रहा है। ऑयली मसालेदार खाना, जंक फूड का अधिक सेवन कोलेस्ट्रॉल बढ़ने की परेशानी को बढ़ा रहा है। कोलेस्ट्रॉल बढ़ने पर वो धमनियों में जमा होने लगता है और ब्लॉकेज का निर्माण करता है। ब्लॉकेज होने से ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित होता है। कोलेस्ट्रॉल बढ़ने से मष्तिष्क,आंखों, दिल, किडनी और शरीर के निचले हिस्से के अंगों की कार्यप्रणाली भी प्रभावित होती है। कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल नहीं किया जाए तो दिल का दौरा पड़ने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।
कोलेस्ट्रॉल बढ़ने पर डाइट में कुछ फूड्स का सेवन करने पर उसे काफी हद तक कंट्रोल किया जा सकता है। कुछ खट्टे फल जैसे संतरा, अंगूर का सेवन हाई कोलेस्ट्रॉल में फायदेमंद साबित होता है। आइए जानते हैं कुछ खास ड्रिंक्स के बारे में जो कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने में असरदार साबित होते हैं।
ग्रीन टी का करें सेवन
औषधीय गुणों से भरपूर ग्रीन टी का सेवन करने से कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल रहता है। एंटी ऑक्सिडेंट्स गुणों से भरपूर ये टी कोलेस्ट्रॉल को बेहद असरदार तरीके से कंट्रोल करती है। आप दिन में दो से तीन बार ग्रीन टी का सेवन कर सकते हैं। ग्रीन टी वजन को कंट्रोल करती है साथ ही दिल को भी सेहतमंद रखती है।
टमाटर का जूस पीएं:
कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने के लिए टमाटर का जूस बेहद असरदार साबित होता है। टमाटर में मौजूद फाइबर और नियासिन कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने में असरदार साबित होता है। इसका सेवन करने से कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल रहता है।
टमाटर का जूस कैसे तैयार करें:
टमाटर का जूस बनाने के लिए सबसे पहले टमाटर को काट लें और उसे पानी में डालकर एक पेन में गैस पर 20-30 मिनट तक पकाएं। कुछ देर में पानी उबलने पर टमाटर गल कर नर्म हो जाएंगे। जब टमाटर सॉफ्ट हो जाएं तो उन्हें गैस से उतारें और छान लें। छने हुए जूस को ठंडा करके उसका सेवन करें।
बेरीज वाली स्मूदी पीएं
एंटी ऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर बेरीज का सेवन करने से कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल रहता है। रोजाना बेरीज की स्मूदी का सेवन करने से कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल होता है। बेरीज में आप ब्लूबेरीज, ब्लैकबेरीज और स्ट्रॉबेरी का इस्तेमाल करें। इन सभी में फाइबर भरपूर मौजूद होता है जो कोलेस्ट्रॉल को कम करता है। आप बेरीज की मदद से स्मूदी तैयार करें और नियमित तौर पर इनका सेवन करें कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल रहेगा।