मशहूर टीवी अभिनेता सिद्धांत वीर सूर्यवंशी (Siddhaanth Vir Surryavanshi) का 46 साल की उम्र में निधन हो गया। शुक्रवार (11 नवंबर 2022) को सुबह जिम में वर्कआउट करते समय सिद्धांत को हार्ट अटैक आया था। इसके बाद सिद्धांत को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इससे पहले मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव (Raju Srivastav) को भी जिम में वर्कआउट के दौरान हार्ट अटैक आया था। अस्पताल में कई दिनों तक जूझने के बाद राजू श्रीवास्तव जिंदगी की जंग हार गए थे। पिछले कुछ सालों में जिम में एक्सरसाइज करने के दौरान हार्ट अटैक के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। आइए जानते हैं कि वर्कआउट करते समय हार्ट अटैक क्यों होता है और किन गलतियों से बचना चाहिए…
दिल का दौरा पड़ना वास्तव में क्या है?
दिल का दौरा या हार्ट अटैक को आसान भाषा में समझें तो जब हृदय की रक्त आपूर्ति प्रणाली में रुकावट होती है तो दिल का दौरा पड़ता है। कभी-कभी हृदय की मांसपेशियों के एक हिस्से में ऑक्सीजन युक्त रक्त का प्रवाह धीमा हो जाता है या कुछ मामलों में अवरुद्ध भी हो जाता है। ऐसे में अगर जल्द से जल्द रक्त प्रवाह सामान्य नहीं किया जाता है तो मांसपेशियों में ऑक्सीजन की कमी के कारण हृदय की मांसपेशियां फेल होने लगती हैं और परिणामस्वरूप हृदय धड़कना बंद कर देता है।
जिम में एक्सरसाइज के दौरान हार्ट अटैक क्यों होता है?
किसी भी व्यक्ति को शारीरिक क्षमता को ध्यान में रखकर ही व्यायाम करना चाहिए। हर व्यक्ति के शरीर की अलग-अलग क्षमता होती है। अक्सर कम शारीरिक क्षमता होने के बावजूद कई लोग जिम में अधिक व्यायाम करते हैं। जो उनके दिल को बुरी तरह प्रभावित करता है।
जब हमारा दिल लगातार तनाव में रहता है या उसपर प्रेशर पड़ता है तो ये अस्थायी रूप से गंभीर रूप ले लेता है। इसके अलावा जो लोग पहले से ही हृदय रोग से पीड़ित हैं, वे भी इस समस्या से पीड़ित हो सकते हैं।
किन लोगों को हृदय रोग का अधिक खतरा होता है?
ऐसा माना जाता है कि रोजाना व्यायाम करने वाले युवाओं में हृदय रोग का खतरा कम होता है, जबकि रोजाना व्यायाम करने वाले बुजुर्गों में हृदय रोग का खतरा अधिक होता है। लेकिन पिछले कुछ सालों में देखा गया है कि युवाओं में भी हृदय रोग का खतरा बहुत अधिक है।
व्यायाम करते किन चीजों से बचें
‘मेडिकल न्यूज टुडे’ के मुताबिक कुछ लोग ऐसे होते हैं जो मस्कुलर बॉडी बनाने के लिए हैवी वेट ट्रेनिंग करने लगते हैं। ऐसा करने से उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में जिम जाने के तुरंत बाद हैवी वेट ट्रेनिंग करने की बजाय पहले एक लक्ष्य बनाएं और उस लक्ष्य की ओर धीरे-धीरे काम करें।
हृदय रोग के खतरे से कैसे बचें
बहुत अधिक व्यायाम न करें, चुस्त-दुरुस्त रहें इसलिए सप्ताह में कुछ दिन ठीक व्यायाम करना ठीक है। एक गतिहीन जीवन शैली से हृदय रोग का खतरा बढ़ जाता है। दिल को स्वस्थ रखने के लिए जरूरी है कि आप सक्रिय रहें। अगर आप डेस्क जॉब करते हैं, तो हर 1 घंटे में उठें और थोड़ी देर टहलें।