Baba Ramdev on Allergic Disease : अक्तूबर महीने से नवंबर की तरफ बढ़ते हुए सर्दियां आनी शुरू हो गई हैं। ऐसे में बदलते मौसम की वजह से लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इनमें सर्दी, जुकाम, खांसी और अस्थमा मुख्य हैं।
कहा जाता है कि एलोपेथी में इन एलर्जिक बीमारियों का कोई इलाज नहीं है। लेकिन पतंजलि आयुर्वेद के संस्थापक बाबा रामदेव का मानना है कि आयुर्वेद के सहारे एलर्जी से मुक्ति पाई जा सकती है। हाल ही में एक शो के दौरान बाबा रामदेव ने बताया कि किस तरह आयुर्वेद का सहारा लेकर एलर्जी से बचा जा सकता है।
एलर्जी से बचने के आयुर्वेदिक उपाय (Ayurvedic Treatment of Allergy)
श्वासारि के इस्तेमाल से होगा फायदा – जिन लोगों को सालों से एलर्जिक बीमारियों की समस्या रहती हैं उन्हें श्वासारि क्वाथ का सेवन करना चाहिए। बाबा रामदेव के कहे अनुसार इसके लगातार सेवन से अस्थमा से निजात पाई जा सकती है। साथ ही इससे एलर्जी भी दूर होती है।
गिलोय है रामबाण – गिलोय को बीमारियों से लड़ने के लिए रामबाण माना जाता है। इसके रोजाना सेवन से न सिर्फ आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। बल्कि इसके सेवन से एलर्जी से छुटकारा पाया जा सकता है। जिन लोगों को कफ बनता है उनके लिए भी गिलोय फायदेमंद है।
घर में बनाएं त्रिकुटा चूर्ण – सोंठ, पीपल और कालीमिर्च को बराबर मात्रा में लेकर उसे मिक्सी में ग्राइंड करें। इसका पाउडर बनाकर रोज दिन में दो से तीन बार शहद के साथ चाटने से बहुत जल्द एलर्जी से निजात मिलती है। इससे शरीर की पाचन क्रिया भी अच्छी बनी रहती है।
आंवला है गुणकारी – आयुर्वेद में आंवले को बहुत गुणकारी माना गया है। आंवले का मुरब्बा, अचार, जूस या सलाद के रूप में सेवन किया जा सकता है। आंवले को डाइट में शामिल करने से बहुत जल्द एलर्जिक रोगों से छुटकारा मिलता है। इससे आपके शरीर में विटामिन-सी की मात्रा भी बढ़ती है।
दूध में मिलाएं हल्दी – एक गिलास दूध में कच्ची हल्दी को कद्दूकस कर डालें। फिर इसे दो से चार बार उबालकर छानें। रोजाना इसका सेवन आपके शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के साथ ही मौसम के बदलने से होने वाली बीमारियों से दूर रखता है।