लाल सुर्ख दानेदार अनार, देखकर ही उसे खाने की लालसा पैदा होने लगती है। खट्टे-मिठे स्वाद से भरपूर अनार का सेवन सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है। इसका सेवन करने से इम्युनिटी स्ट्रॉन्ग होती है और बॉडी हेल्दी रहती है। अनार पेट से जुड़ी परेशानियों की बेहतरीन दवा है। इसका सेवन रोज़ाना करने से पेट को ठंडक मिलती है,एसिडिटी दूर होती है,पेट के अल्सर का इलाज होता है और लूज मोशन रोकने में मदद मिलती है। अनार का सेवन करने से कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल रहता है और दिल की सेहत दुरुस्त रहती है।

अनार में मौजूद पॉलीफेनॉल कंपाउड हार्ट अटैक के खतरे को कम करता हैं। इसका सेवन करने से ब्लड सर्कुलेशन ठीक रहता है। सेहत से भरपूर अनार के जूस का सेवन करने से कुछ लोगों को पेट फूलने की समस्या का सामना करना पड़ता है। अब सवाल ये उठता है कि जब पेट के लिए इस फल के जूस का सेवन माकूल है तो इसे पीकर पेट फूलने की समस्या क्यों होती है? आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि अनार का जूस पेट फूलने की समस्या कैसे पैदा करता है।

अनार का जूस कैसे ब्लोटिंग का बनता है कारण

जिंदल नेचरकेयर इंस्टीट्यूट में चीफ डायटीशियन सुषमा पीएस ने बताया कि जिन लोगों को कब्ज की बीमारी होती है उनके लिए ये जूस पेट फूलने की समस्या को बढ़ा सकता है। कब्ज के शिकार लोग इस जूस का अधिक सेवन करते हैं तो उन्हें पेट फूलने की समस्या हो सकती है। एक्सपर्ट के मुताबिक कब्ज के शिकार लोगों को ये परेशानी अनार के कसैले प्रभाव की वजह से होती है जिसकी वजह से ये आंत में वात,वायु और स्पेस को बढ़ा देता है।

पेट में ब्लोटिंग क्यों होती है?

नानावटी मैक्स सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में रजिस्टर्ड डायटीशियन और क्लीनिकल ​​​पोषण विशेषज्ञ उषाकिरण सिसौदिया ने बताया कि पाचन तंत्र में गैस बनने का कारण ऐसे फूड्स हैं जिन्हें पचाना मुश्किल होता है। कुछ फूड्स जैसे मसालेदार फूड्स,ऑयली फूड्स,कसैले फूड्स,गेहूं से बने हुए फूड्स और फलियों का सेवन करने से पेट में गैस, ब्लोटिंग और अपच जैसी परेशानी होती है। पेट फूलने की समस्या से बचने के लिए ऐसे फूड्स का सेवन करना जरूरी है जिन्हें बॉडी आसानी से पचा सकें और मेटाबॉलिज्म को भी बूस्ट किया जा सके।

अनार का जूस इस तरह करें सेवन ब्लोटिंग से मिलेगा छुटकारा

आयुर्वेदिक थॉयराइड एक्सपर्ट डॉ. अलका विजयन ने बताया कि अगर अनार के जूस का सेवन करने से पेट फूलने की समस्या होती है तो आप अनार के जूस में मुट्ठी भर काली किशमिश मिलाकर उसका सेवन करें। आप पेट फूलने की समस्या से छुटकारा पाने के लिए अनार के जूस में एक चुटकी पिसा हुआ काला नमक मिलाकर भी उसका सेवन कर सकते हैं। अनार के जूस में इन दोनों चीजों का सेवन करने से पेट फूलने की समस्या का उपचार नेचुरल तरीके से होता है।