आम को फलों का राजा कहा जाता है। गर्मी के मौसम में मिलने वाले इस फल में पोषण के अलावा बेहतरीन स्वाद भी होता है जिस वजह से तमाम लोगों का यह सबसे पसंदीदा फल है। आम की सबसे बड़ी खासियत है कि न सिर्फ इसका गूदा बल्कि इसकी पत्तियों और गुठलियों के भी कई तरह के स्वास्थ्य लाभ होते हैं। आम के फल के फायदों के बारे में तो आपने काफी सुना होगा। आज हम आपको आम की गुठली से होने वाले फायदों के बारे में बताने वाले हैं।
आम की गुठली के फायदे
दांतों को रखे मजबूत – आम के पत्तों को सुखा लें। अब इसे जलाकर पीस लें। इसके बाद आम की गुठली बारीक पीसकर इसमें मिला दें। दोनों को बारीकी से छान लें। इससे मंजन करने से दांतों में दर्द नहीं होता। इसके अलावा हर रोज सुबह आम की पत्तियां चबाने से दांतों का हिलना बंद हो जाता है और मसूढ़ों से खून का आना बंद हो जाता है।
गंजेपन से छुटकारा – आम की गुठली के तेल का इस्तेमाल बालों से संबंधित समस्या से निजात पाने में किया जाता है। आम की गुठली के तेल में फैटी एसिड, मिनरल्स और विटामिन्स काफी मात्रा में पाया जाता है। इसके लिए आम की गुठली की 10-12 गिरी लेकर खूब सुखा लें। अब इसे बारीक कूटकर कपड़े से छान लें और नारियल के तेल में पकाएं। इस मिश्रण को नियमित रूप से सिर पर मलें। इससे सिर का गंजापन दूर हो जाता है। इसके अलावा इससे बाल भी काले होते हैं।
सिर के जुएं करे खत्म – आम के पेड़ की सूखी छाल तथा आम की सूखी गुठली को पीसकर पाउडर बना लें। इस पाउडर में नींबू का रस मिला लें। इसे सिर पर लगाने से जुएं खत्म हो जाती हैं।
दिल की बीमारी में आराम – सीमित मात्रा में आम की गुठलियां खाने से हाई ब्लड प्रेशर ठीक हो जाता है। इससे दिल की बीमारी होने की संभावना कम होती है।
दस्त में आराम – दस्त में आम की गुठली बेहद फायदेमंद होती है। इसके लिए आम की गुठली, बील गिरी और मिश्री को बराबर मात्रा में लेकर पीस लें। दिन में तीन बार दो-दो चम्मच सेवन करें। इससे दस्त ठीक हो जाते हैं। अगर दस्त के साथ खून भी आ रहा हो तो आम की गुठली को पीसकर छाछ में मिला लें। इस मिश्रण को पीने दस्त बंद हो जाता है।
