जीनत अमान सोशल मीडिया पर एक्टिव रहती हैं और अपनी पुरानी-नई तस्वीरों के साथ कुछ किस्से या विचार शेयर करती हैं। अब उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने आंटी शब्द कहे जाने पर अपमान महसूस करने वालों को बताया है कि ये कोई ऐसा शब्द नहीं, जिससे किसी को आपत्ति होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वो एक आंटी हैं और उनको इस बात पर गर्व है।

जीनत ने याद किया कि उनकी सौतेली मां शमीम आंटी उनके लिए बहुत बड़ा सपोर्ट थीं। उनके कैप्शन में लिखा है, “वे बड़ी उम्र की महिलाएं, जो सब जगहों पर हैं और हमारे जीवन को कंफर्टेबल और सिक्योर बनाती हैं, उनके बिना हम कहां होते।  भारतीय आंटी हर जगह हैं, और उनका आपसे कोई संबंध होना भी जरूरी नहीं है। वह सहारा देने के लिए एक कंधा है, आपकी समस्याओं को सुनने के लिए कान हैं, गर्म खाना, एक मजेदार जोक, एक स्वागत करने वाला घर, सुधारने वाली, ज्ञान का मोती प्रदान करने वाली हैं।”

उन्होंने आगे लिखा,”जब आप आंटी शब्द सुनते हैं तो आप एक चिड़चिड़े स्वभाव की कल्पना कर सकते हैं, या आप वास्तव में अपने जीवन की बड़ी उम्र की महिलाओं के बारे में सोच सकते हैं और देख सकते हैं जो मैं देखती हूं। मैं क्या हूं? मैं एक आंटी हूं और मुझे गर्व है। यह एक ऐसा टैग है जिसे मैं खुशी-खुशी अपनी ले सकती हूं।”

उन्होंने अपनी सौतेली मां, जिन्हें वह शमी आंटी कहती थीं, उनके साथ अपने रिश्ते को याद करते हुए लिखा, “मेरे जीवन में मेरी सौतेली मां शमीम आंटी थीं, जो मेरे लिए बहुत बड़ी सहारा थीं, जब मेरे बेटे छोटे थे। वह हमारे लिए खाना बनाती थी और लड़कों की देखभाल करती थी और हर दिन मेरा हालचाल लेती थी।” अपनी पोस्ट को खत्म करते हुए जीनत ने फैंस को भी उनके जीवन की आंटियों की कहानी शेयर करने के लिए कहा।

बता दें कि इस लंबे चौड़े पोस्ट को शेयर करने के साथ-साथ जीनत ने अपनी एक तस्वीर शेयर की है। जिसमें वो सफेद रंग की स्वेटशर्ट पहनी है, जिसपर लाल रंग से आंटी लिखा है। तस्वीर में जीनत ने सन ग्लासेस लगाए हैं और वो एक दम बिंदास तरीके से बैठी हैं। उनकी पोस्ट पर फैंस खूब प्यार लुटा रहे हैं।